देश में नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने बुधवार, 23 जुलाई को प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोग के अनुसार, गृह मंत्रालय ने 22 जुलाई को मौजूदा उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की जानकारी दी थी।
धनखड़ ने 21 जुलाई, सोमवार को अपने इस्तीफे का ऐलान किया था। इसके बाद वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे थे। राष्ट्रपति ने 22 जुलाई को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। अब उपराष्ट्रपति पद खाली हो गया है, और नए चुनाव की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। चुनाव आयोग जल्द ही मतदान की तारीख की घोषणा करेगा।
उपराष्ट्रपति बनने के लिए क्या होनी चाहिए योग्यता?
भारत का उपराष्ट्रपति बनने के लिए कुछ जरूरी शर्तें होती हैं:
-
उम्मीदवार भारत का नागरिक होना चाहिए।
-
उसकी उम्र कम से कम 35 वर्ष होनी चाहिए।
-
उसे राज्यसभा का सदस्य बनने की पात्रता होनी चाहिए।
-
उम्मीदवार किसी लाभ के पद पर नहीं होना चाहिए। केवल राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, राज्यपाल या मंत्री (राज्य/केंद्र सरकार) के पद इसके अपवाद हैं।
देश का उपराष्ट्रपति राज्यसभा का सभापति भी होता है। ऐसे में इस चुनाव पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि इस बार उपराष्ट्रपति पद के लिए किस चेहरे पर सहमति बनती है।
