केंद्र सरकार ने देशभर में बढ़ रहे सॉफ्ट पोर्न और आपत्तिजनक डिजिटल कंटेंट पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) की ओर से जारी आदेश के तहत ULLU, ALTT, देसीफ्लिक्स और बिग शॉट्स जैसे कई ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सरकार ने इस संबंध में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे 25 वेबसाइट्स और ऐप्स को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक करें, जो आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री प्रसारित कर रहे थे।
नागरिकों की शिकायतों के बाद एक्शन में आई सरकार
मंत्रालय को इन प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ बीते कुछ समय में कई संगठनों और आम नागरिकों की ओर से शिकायतें मिली थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि ये ऐप्स और वेबसाइट्स अश्लीलता को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर असर पड़ रहा है।
सरकार ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच की और पाया कि कुछ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर परोसा जा रहा कंटेंट “सॉफ्ट पोर्न” की श्रेणी में आता है, जो कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और अन्य लागू नियमों का उल्लंघन करता है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती निगरानी
इस फैसले से साफ है कि केंद्र सरकार अब ओटीटी और डिजिटल मीडिया पर प्रसारित हो रहे कंटेंट की निगरानी को और कड़ा करने जा रही है। सरकार का कहना है कि वह रचनात्मक और मनोरंजक कंटेंट को समर्थन देती है, लेकिन अश्लीलता और भड़काऊ सामग्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
IT मंत्रालय ने दी चेतावनी
MeitY ने साफ किया है कि ऐसे किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म या ऐप को बख्शा नहीं जाएगा, जो भारतीय क़ानूनों की अवहेलना करते हुए आपत्तिजनक कंटेंट दिखा रहा है। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि यदि कोई अन्य ऐप या वेबसाइट इस तरह की सामग्री प्रसारित करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
यह कदम उन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए एक सख्त संदेश है जो मनोरंजन की आड़ में सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे थे। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि डिजिटल स्पेस में अब सामाजिक जिम्मेदारी और कानूनी दायरे में रहकर ही काम करना होगा।
