प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे पसंदीदा नेताओं की सूची में सबसे ऊपर आ गए हैं। अमेरिकी बिजनेस इंटेलिजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट की जुलाई 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी को 75 प्रतिशत लोगों की मंजूरी यानी अप्रूवल रेटिंग मिली है। यह सर्वे 4 से 10 जुलाई के बीच 20 देशों के नेताओं को लेकर किया गया था।
इस रिपोर्ट में यह बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी को सबसे ज्यादा समर्थन मिला है। देश और विदेश दोनों में उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। लोगों ने उन्हें एक मजबूत लोकतांत्रिक नेता माना है।
दूसरे और तीसरे नंबर पर कौन?
इस सूची में दूसरा स्थान दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ली जे म्युंग को मिला है। उन्हें 59 प्रतिशत लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ है। खास बात यह है कि ली जे म्युंग ने हाल ही में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पद की शपथ ली है और इतने कम समय में उनका इतना लोकप्रिय हो जाना बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
तीसरे नंबर पर अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली रहे, जिन्हें 57 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग मिली। उन्हें दक्षिणपंथी विचारधारा का माना जाता है। हालांकि, उनके खिलाफ 37 प्रतिशत लोगों ने असहमति जताई और 6 प्रतिशत लोग निर्णय नहीं ले सके।
अमेरिकी राष्ट्रपति का प्रदर्शन
दुनिया की सबसे ताकतवर अर्थव्यवस्था अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस सर्वे में 8वां स्थान मिला है। उन्हें 45 प्रतिशत से भी कम लोगों का समर्थन मिला, जो उनके लिए चिंता का विषय हो सकता है। हालांकि वह वैश्विक मंचों पर अक्सर चर्चा में रहते हैं, लेकिन यह रिपोर्ट बताती है कि लोगों का भरोसा उन पर कम हो रहा है।
कौन रहे सबसे कम लोकप्रिय नेता?
इस सूची में सबसे नीचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फिआला रहे। इन्हें केवल 18 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला, जबकि 74 प्रतिशत लोगों ने इनके नेतृत्व से असंतोष जाहिर किया।
इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी इस सूची में 10वें नंबर पर रहीं।
प्रधानमंत्री मोदी की छवि और असर
यह सर्वे दिखाता है कि पीएम मोदी की वैश्विक छवि आज भी बहुत मजबूत है। देश में लिए गए फैसलों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका को लेकर उनका नेतृत्व लोगों को प्रभावित कर रहा है। उनकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है, जो इस रिपोर्ट में साफ झलकती है।
