डेराबस्सी फ्लाईओवर के पास भीख मांगते बच्चों और उनके परिवारों की दयनीय स्थिति सामने आने के बाद पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने तुरंत एक्शन लिया है। मिली रिपोर्टों के अनुसार, ये बच्चे और उनके परिवार खुले में रह रहे हैं, जहां सफाई, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
बच्चों के शोषण पर जताई गंभीर चिंता
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह बच्चे मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक शोषण के खतरे में हैं, और राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट्स और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि वे तत्परता से विशेष बचाव अभियान चलाकर बच्चों की सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित करें।
बचाए गए बच्चों को तुरंत मिलेगी सहायता
मंत्री ने स्पष्ट किया कि रेस्क्यू किए गए बच्चों को तुरंत सुरक्षित आश्रय, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य जांच और शिक्षा की सुविधाएं दी जाएंगी। इस अभियान को संवेदनशीलता और दक्षता के साथ संचालित किया जाएगा ताकि बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
‘प्रोजेक्ट जीवनजोत-2 बचपन बचाओ’ के तहत चलेगा अभियान
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह मुहिम ‘प्रोजेक्ट जीवनजोत-2 बचपन बचाओ’ के अंतर्गत निरंतर और प्रतिबद्धता के साथ चलाई जाएगी। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के हर हिस्से में बच्चों को भीख मांगने जैसी अमानवीय स्थिति से निकालकर उन्हें सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।
राज्य के सभी जिलों में विशेष मुहिम चलाने के निर्देश
उन्होंने राज्य के सभी जिला अधिकारियों को आदेश दिया है कि डेराबस्सी जैसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में भी विशेष रेस्क्यू और पुनर्वास अभियान चलाया जाए। भीख मांगने वाले बच्चों की पहचान कर उनके परिवारों की सामाजिक स्थिति का मूल्यांकन किया जाए।
बच्चों को जबरन भीख मंगवाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
डॉ. कौर ने यह भी चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति या समूह बच्चों को जबरन भीख मांगने पर मजबूर करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित मामलों में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
1098 पर करें तुरंत सूचना, लोगों से की सहयोग की अपील
डॉ. बलजीत कौर ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि अगर कहीं भी बच्चों से जबरन भीख मंगवाई जा रही हो या तस्करी जैसी गतिविधि नजर आए तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हर बच्चे को सुरक्षित, गरिमामयी और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।
