पंजाब पुलिस की ‘युद्ध नशों के खिलाफ’ मुहिम का 154वां दिन, 107 तस्कर गिरफ्तार
पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही ‘युद्ध नशों के खिलाफ’ मुहिम के 154वें दिन राज्यभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने शनिवार को 481 स्थानों पर छापेमारी की और 80 एफआईआर दर्ज करते हुए 107 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पंजाब पुलिस की यह मुहिम लगातार तेज़ होती जा रही है।
अब तक 24,000 से अधिक तस्कर हो चुके हैं गिरफ्तार
विशेष डीजीपी के अनुसार, इस विशेष मुहिम के तहत अब तक कुल 24,325 नशा तस्कर गिरफ़्तार किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई की नीति को दर्शाता है। शनिवार को हुई छापेमारियों के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशे की खेप भी बरामद की गई।
हेरोइन, अफीम और नशे की रकम भी जब्त
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से 13.9 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और ₹34,820 की ड्रग मनी बरामद की गई है। यह छापेमारी 87 गजटेड अधिकारियों की निगरानी में की गई, जिसमें 1300 से अधिक पुलिसकर्मियों की 180 टीमें शामिल रहीं। पूरे दिन चले इस ऑपरेशन के दौरान 511 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
नशा छोड़ने के लिए लोगों को किया प्रेरित
पुलिस द्वारा नशा विरोधी जागरूकता के तहत चलाए जा रहे प्रयासों में एक सकारात्मक पहल भी देखी गई। शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 68 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया। यह मुहिम न सिर्फ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को नई ज़िंदगी देने का प्रयास भी कर रही है।
राज्य सरकार की तरफ से जारी रहेगा सख्त रुख
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह मुहिम तब तक जारी रहेगी जब तक पंजाब को नशा मुक्त राज्य नहीं बना दिया जाता। राज्य सरकार और पुलिस मिलकर समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
