अमेरिकी मुद्रास्फीति के ताजा आंकड़े, डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदों के चलते गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती आई। डॉलर की गिरावट ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग को बढ़ाया, जिसका असर भारत के रेट पर भी देखा गया।
मुंबई में सोना-चांदी के दाम
मुंबई में आज 22 कैरेट सोने की कीमत 92,890 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने की कीमत 1,01,340 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। वहीं, चांदी की कीमत 1,14,900 रुपये प्रति किलोग्राम रही। बढ़ती कीमतों के चलते ज्वेलरी बाजार में आज खरीदारी का रुख थोड़ा धीमा नजर आया।
एमसीएक्स पर भी बढ़ा भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी सोना-चांदी दोनों के फ्यूचर्स में तेजी रही। 5 अगस्त 2025 को डिलीवरी वाले सोना वायदा की कीमत 0.03% बढ़कर 1,00,219 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। वहीं, 5 सितंबर 2025 को डिलीवरी वाली चांदी वायदा 0.17% उछलकर 1,15,220 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमत
मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,01,340 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 92,890 रुपये प्रति 10 ग्राम मिल रहा है। अहमदाबाद और पटना में 24 कैरेट का भाव 1,01,390 रुपये और 22 कैरेट का भाव 92,940 रुपये है। जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,01,490 रुपये और 22 कैरेट सोना 93,040 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गुरुवार को लगातार तीसरे सत्र में सोने की कीमतें बढ़ीं। 0156 GMT तक स्पॉट गोल्ड 0.4% चढ़कर 3,367.53 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि अमेरिकी सोना वायदा 0.3% बढ़कर 3,416.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। डॉलर कई हफ्तों के निचले स्तर पर बना हुआ है, जिससे अन्य मुद्राओं के खरीदारों के लिए सोना महंगा हो गया है।
फेड रेट कट की संभावना मजबूत
अमेरिका में 10 साल का ट्रेजरी यील्ड भी एक हफ्ते के निचले स्तर के पास है। विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप के बढ़ते टैरिफ और मुद्रास्फीति के नरम पड़ने के कारण फेडरल रिजर्व अगले महीने ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के अनुसार, 50 बेसिस पॉइंट की कटौती की संभावना जताई जा रही है, जिससे सोने में निवेश की मांग और बढ़ सकती है।
