स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की दोपहर तक लाल किले और उसके आसपास के इलाकों में यातायात पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है। सुरक्षा कारणों से लागू की गई इस व्यवस्था में आम जनता से अपील की गई है कि इस दौरान लाल किला, इंडिया गेट और नई दिल्ली के प्रतिबंधित क्षेत्रों की सड़कों पर जाने से बचें।
भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी
पुलिस के अनुसार, निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल पर 14 अगस्त की दोपहर से 15 अगस्त की दोपहर तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा, सराय काले खां आईएसबीटी और महाराणा प्रताप आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही भी बंद रहेगी।
किन सड़कों पर रहेगी रोक
केवल लेबल वाले वाहन ही लाल किला, आईटीओ और दिल्ली गेट की ओर जा सकेंगे। 15 अगस्त की दोपहर तक दिल्ली गेट से नेताजी सुभाष मार्ग, छत्ता रेल, लोहटियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक, रिंग रोड से निशाद राज मार्ग, राजघाट से एस्प्लेनेड रोड और आईएसबीटी के आसपास के मार्गों पर आम यातायात पर रोक रहेगी।
वैकल्पिक मार्ग और सलाह
उत्तर से दक्षिण की ओर यात्रा करने वाले लोग सफदरजंग रोड, अरविंदो मार्ग, कूटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, कमाल अतातुर्क मार्ग, 11 मूर्ति, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का उपयोग कर सकते हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पहले से निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने का अनुरोध किया गया है।
पूर्व-पश्चिम यातायात के लिए विकल्प
पूर्व से पश्चिम की ओर जाने के लिए NH-24, निजामुद्दीन कट, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर और रिंग रोड होते हुए राजा गार्डन मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है।
छत्रसाल स्टेडियम के आसपास डायवर्जन
दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के चलते छत्रसाल स्टेडियम के आसपास 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेेखा गुप्ता राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
डायवर्जन किंग्सवे कैंप चौक, हकीकत नगर नाला रोड, यू-टर्न भामाशाह चौक, मॉडल टाउन-2, मॉडल टाउन-3, स्टेडियम रोड, नानक प्याऊ गुरुद्वारा, जीटीके रोड टी-पॉइंट और आसपास के अन्य मार्गों पर लागू होगा। पुलिस ने मॉल रोड, स्टेडियम रोड, ब्रह्मा कुमारी मार्ग, पुरानी जीटी करनाल रोड और भामाशाह रोड पर जाने से बचने की सलाह दी है।
