15 अगस्त से देशभर में FASTag से जुड़ा नया नियम लागू हो गया है। अब सिर्फ ₹3,000 में पूरे साल के लिए 200 ट्रिप्स का FASTag पास बनवाया जा सकता है। पहले इन 200 ट्रिप्स के लिए करीब ₹10,000 खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब यह सुविधा सस्ते दाम पर उपलब्ध होगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना यात्रियों के खर्च को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
कौन कर सकता है पास का फायदा
यह सालाना पास सभी वाहनों के लिए नहीं है। फिलहाल यह केवल जीप, वैन जैसे नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए उपलब्ध है। ₹3,000 का यह पास एक साल के लिए वैध होगा और इसमें 200 ट्रिप्स की सीमा होगी। यह सुविधा सिर्फ 60 किलोमीटर के दायरे में बने टोल बूथ पर लागू होगी।
कहां से मिलेगा सालाना FASTag पास
FASTag सालाना पास केवल NHAI की आधिकारिक वेबसाइट या RajmargYatra मोबाइल ऐप के जरिए ही खरीदा और एक्टिवेट किया जा सकेगा। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि किसी अन्य वेबसाइट या ऐप से पास खरीदने की गलती न करें, क्योंकि यह धोखाधड़ी हो सकती है।
सालाना पास एक्टिवेट करने की प्रक्रिया
-
Annual Toll Pass टैब पर क्लिक कर “Activate” बटन दबाएं।
-
अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालें, फिर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करें।
-
ऑनलाइन पेमेंट करें और प्रक्रिया पूरी करें।
भुगतान होने के बाद पास एक्टिवेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और आमतौर पर 2 घंटे के भीतर यह आपके FASTag पर सक्रिय हो जाएगा।
नया FASTag खरीदने की जरूरत नहीं
इस पास के लिए आपको नया FASTag खरीदने की आवश्यकता नहीं है। यह आपके मौजूदा FASTag पर ही सक्रिय किया जाएगा, बशर्ते वह सभी योग्यता मानकों को पूरा करता हो। उदाहरण के तौर पर — FASTag सही तरीके से विंडशील्ड पर लगा हो, वैध रजिस्ट्रेशन नंबर से लिंक हो और ब्लैकलिस्ट न हो।
ट्रिप्स की गिनती कैसे होगी
मंत्रालय के अनुसार, पॉइंट-बेस्ड टोल प्लाजा को पार करने पर हर बार इसे एक सिंगल ट्रिप माना जाएगा। मतलब, अगर आप राउंड ट्रिप (जाना और लौटना) करते हैं, तो यह 2 ट्रिप्स गिनी जाएंगी। वहीं, क्लोज़्ड टोल प्लाजा में एंट्री और एग्ज़िट दोनों को मिलाकर 1 सिंगल ट्रिप माना जाएगा।
यात्रियों के लिए बड़ा फायदा
इस नए नियम से छोटे दूरी के नियमित यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। पहले जहां 200 ट्रिप्स के लिए लगभग ₹10,000 खर्च होते थे, वहीं अब यह खर्च सिर्फ ₹3,000 रह गया है। इससे रोजाना ऑफिस आने-जाने या बिज़नेस के लिए यात्रा करने वाले लोगों की जेब पर बोझ काफी कम होगा।
