पंजाब में कच्चे मुलाज़िमों की मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सरकार ने उच्च स्तरीय बैठकों के बाद कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि उनकी प्रमुख मांगों पर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
15 अगस्त को हुई अहम बैठक
बीते दिन 15 अगस्त 2025 को मुख्य सचिव पंजाब के साथ कर्मचारियों की पैनल बैठक हुई। इस बैठक में कच्चे मुलाज़िमों को पक्का करने, ठेकेदार प्रथा खत्म करने, वेतन वृद्धि, नई बसें लाने और किलोमीटर स्कीम रद्द करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
बनी विशेष कमेटी, 19 और 26 अगस्त को फिर बैठक
बैठक में फैसला हुआ कि इन मांगों पर विस्तार से चर्चा के लिए वित्त विभाग और पर्सनल विभाग के सचिवों को शामिल करते हुए एक कमेटी बनाई जाएगी।
-
19 अगस्त को ट्रांसपोर्ट मंत्री की अध्यक्षता में बैठक होगी।
-
26 अगस्त को मुख्यमंत्री पंजाब के साथ उच्च स्तरीय पैनल बैठक तय की गई है, जिसमें तैयार पॉलिसी पर अंतिम निर्णय होगा।
सर्विस रूल और ठेकेदारी प्रथा पर निर्देश
बैठक में यह भी तय हुआ कि कर्मचारियों के लिए नए सर्विस रूल्स बनाए जाएंगे और उन्हें लागू किया जाएगा। साथ ही ठेकेदार प्रथा से जुड़े मसलों को हल करने और वेतन वृद्धि से जुड़ी फाइलों पर तेजी से कार्रवाई करने के लिए सचिव राज्य परिवहन विभाग को आदेश दिए गए हैं।
किलोमीटर स्कीम और अन्य मांगों पर समयसीमा
पहले कर्मचारियों की मांगों को हल करने के लिए 15 दिन का समय तय किया गया था, लेकिन बाद में इसे एक महीने तक खींच दिया गया। अब सरकार ने दोबारा आश्वासन दिया है कि किलोमीटर स्कीम बसों को बंद करने, कॉन्ट्रैक्ट मुलाज़िमों की बहाली और शर्तों में बदलाव जैसे मुद्दों को तीन हफ्तों के भीतर निपटाया जाएगा।
भरोसे के बाद हड़ताल स्थगित
जथेबंदी की ओर से कहा गया है कि सरकार की ओर से मिले ठोस भरोसे और तय समयसीमा को देखते हुए हड़ताल को पोस्टपोन किया जा रहा है। कल से सभी कर्मचारी ड्यूटी पर लौटेंगे।
चेतावनी भी दी
हालांकि संगठन ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी कर्मचारी को ड्यूटी जॉइन करते समय मैनेजमेंट की ओर से कोई रोक-टोक या नोटिस जारी किया गया, तो तुरंत राज्य स्तर पर प्रदर्शन और पंजाब बंद किया जाएगा।
