मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला, लेकिन कारोबार के अंत तक बाजार हरे निशान पर बंद हुए। BSE सेंसेक्स 370.64 अंक यानी 0.46% बढ़कर 81,644.39 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 बढ़त में और 11 गिरावट में रहे। इसी तरह, NSE निफ्टी 103.70 अंक चढ़कर 24,980.65 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी भी मजबूती दिखाते हुए 130 अंकों की बढ़त के साथ 55,865 पर बंद हुआ।
पीएम मोदी के जीएसटी सुधारों के संकेत से निवेशकों का भरोसा
विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के भाषण में सुझाए गए जीएसटी सुधारों ने निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया है। इसी कारण भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स में इन शेयरों ने दिखाई चमक
आज के कारोबार में टाटा मोटर्स, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस और इटर्नल के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। वहीं, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और HDFC बैंक के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। ऑटो सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीददारी देखने को मिली, जिससे बाजार को सहारा मिला।
रुपया भी मजबूत
विदेशी मुद्रा बाजार में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। रुपया मंगलवार को 39 पैसे मजबूत होकर 86.96 पर बंद हुआ। इससे आयातकों और निवेशकों को राहत मिली।
एशियाई और वैश्विक बाजारों का हाल
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशिया में मिला-जुला रुझान देखने को मिला। चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स बढ़त में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 गिरावट में बंद हुए। सोमवार को अमेरिकी बाजार फ्लैट रुझान के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। ब्रेंट क्रूड 0.50% टूटकर 66.24 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सहारा
स्टॉक मार्केट के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सोमवार को शुद्ध खरीदार रहे। उन्होंने कुल 550.85 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जिससे बाजार को मजबूती मिली।
