चंडीगढ़ के पंजाब कला परिषद, कला भवन में आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी “पंजाब इन फ्रेम्स” का समापन शुक्रवार को हुआ। इस मौके पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समापन समारोह की शुरुआत में अमन अरोड़ा ने हरित क्रांति लाने वाले और चंडीगढ़ को आधुनिकता व प्रकृति का संगम बनाने वाले डॉ. एम.एस. रंधावा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनकी प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर उनके योगदान को याद किया।
फोटो प्रदर्शनी ने दिखाया पंजाब की असली तस्वीर
अमन अरोड़ा ने प्रदर्शनी में लगे तस्वीरों का अवलोकन करते हुए कहा कि यह केवल एक कला प्रदर्शन नहीं, बल्कि पंजाब की समृद्ध संस्कृति, विरासत और प्राकृतिक सुंदरता की जीवंत झलक है। राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत संधू द्वारा खींची गई इन तस्वीरों में सैकड़ों साल पुराने स्मारक, ऐतिहासिक स्थल और ग्रामीण पंजाब के शांतिपूर्ण दृश्य शामिल थे।
उन्होंने कहा कि कैमरे के माध्यम से पंजाब की आत्मा और उसकी अनोखी सुंदरता को इस प्रदर्शनी ने बहुत खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। इन तस्वीरों ने पंजाब की इतिहास, धरोहर और अद्वितीय प्राकृतिक आकर्षण को एक नई पहचान दी है।
विरासत संरक्षण पर जोर
अमन अरोड़ा ने कहा कि किसी भी राज्य या क्षेत्र की धरोहर और संस्कृति को आगे बढ़ाने में फोटोग्राफी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस प्रदर्शनी ने हमें याद दिलाया है कि पंजाब केवल खेतीबाड़ी और उद्योगों का प्रदेश नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और इतिहास से भरपूर भूमि है। उन्होंने लोगों से अपील की कि धरोहर को सहेजने और उसकी पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार किए जाने चाहिए।
कला प्रेमियों के लिए खास अनुभव
“पंजाब इन फ्रेम्स” प्रदर्शनी को विश्व फोटोग्राफी दिवस 2025 को समर्पित किया गया था। तीन दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने भाग लिया। इसमें कृषि जीवन, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक दृश्यों को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया गया था।
लोगों ने कहा कि इस प्रदर्शनी ने उन्हें पंजाब की विविधता और सुंदरता की एक शानदार यात्रा कराई।
विशिष्ट मेहमानों की मौजूदगी
समापन समारोह में कई गणमान्य हस्तियां भी मौजूद रहीं। इनमें सुशासन एवं आई.टी. विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डी.के. तिवाड़ी, पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी, फूड प्रोसेसिंग विभाग की प्रमुख सचिव राखी गुप्ता भंडारी, पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, पंजाब कला परिषद के चेयरमैन स्वरणजीत सवी, पश्चिमी कमान के निदेशक कर्नल जसदीप संधू, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व जज न्यायमूर्ति के.एस. ग्रेवाल और पूर्व गृह सचिव डॉ. बी.सी. गुप्ता शामिल थे।
“पंजाब इन फ्रेम्स” प्रदर्शनी ने यह साबित कर दिया कि पंजाब की पहचान केवल उसके वर्तमान तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी विरासत, संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर भी उतनी ही गौरवशाली है। इस अवसर पर अमन अरोड़ा ने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजनों से पंजाब की छवि और अधिक सशक्त बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
