पंजाब में बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य स्तर पर बड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में जालंधर में स्टेट फ्लड कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसकी कमान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को सौंपी गई है। इस कंट्रोल रूम के जरिए पूरे पंजाब में बाढ़ की स्थिति की निगरानी की जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर जारी
बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 0181-2240064 जारी किया है। कोई भी व्यक्ति किसी भी समय इस नंबर पर कॉल करके सहायता प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा, टूरिज्म एडवाइजर दीपक बाली और डिप्टी कमिश्नर जालंधर भी मिलकर हालातों पर नजर रखेंगे।
मंत्रियों को सौंपी गई जिला-वार जिम्मेदारी
पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रबंधन के लिए मंत्रियों और अधिकारियों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी है। कपूरथला जिले का जिम्मा मंत्री मोहिंदर भगत और हरदीप सिंह मुंडिया को सौंपा गया है। तरन तारन जिले में राहत कार्यों की निगरानी लालजीत सिंह भुल्लर और हरभजन सिंह ETO करेंगे। वहीं, फाजिल्का जिले के हालातों पर डॉ. बलजीत कौर और तरुणप्रीत सिंह सौंध नजर रखेंगे।
पूरा प्रशासनिक ढांचा सक्रिय
सरकार का कहना है कि इस बार बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए पूरा प्रशासनिक ढांचा सक्रिय कर दिया गया है। मंत्री बलबीर सिंह, गुरमीत सिंह खुड़िया और बरिंदर कुमार गोयल को पूरे राज्य में हालात देखने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तर पर अधिकारियों और मंत्रियों की ड्यूटी पहले ही तय कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की देरी न हो।
मान सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया है कि सरकार का उद्देश्य हर प्रभावित परिवार तक त्वरित मदद पहुंचाना है। राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मान सरकार का दावा है कि सभी विभाग मिलकर काम करेंगे और पंजाब को बाढ़ की चुनौती से सुरक्षित निकालेंगे।
