काफी समय से यात्री वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सफर का इंतजार कर रहे थे। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। भारतीय रेलवे इसी महीने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लॉन्च करने की तैयारी में है। यह ट्रेन त्योहारों के मौसम यानी दिवाली और छठ पूजा से पहले ट्रैक पर उतर सकती है।
सफर होगा और भी आरामदायक
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खास तौर पर लंबी और मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें आराम, रफ्तार और नई तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के आने से देश में रेल यात्रा का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा बेहतर होगा।
रेल मंत्री का ऐलान
गुजरात के भावनगर में पिछले महीने आयोजित एक कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा था कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सितंबर में आ रही है। हालांकि, लॉन्च की सटीक तारीख की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पहला रैक तैयार
25 जुलाई 2025 को राज्यसभा में लिखित जवाब देते हुए रेल मंत्री ने जानकारी दी थी कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का पहला रैक लगभग तैयार है। इसका प्रोटोटाइप पहले ही बनकर तैयार हो चुका है और कई बार टेस्टिंग की जा चुकी है। सभी जरूरी परिक्षणों के बाद अब रेलवे इसे लॉन्च करने की दिशा में काम कर रहा है।
संभावित रूट
हालांकि रेलवे ने अभी तक पहले रूट की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन दिल्ली से पटना और दरभंगा या सीतामढ़ी के बीच चल सकती है। त्योहारों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए इसकी शुरुआत इन्हीं मार्गों पर होने की संभावना है।
टिकट का किराया
फिलहाल टिकट प्राइस तय नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि जब रेलवे बोर्ड ट्रेन के रूट की पुष्टि करेगा, तभी टिकट दरों का भी आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। उम्मीद है कि टिकट की कीमत प्रीमियम स्तर पर होगी लेकिन यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के हिसाब से पूरी तरह संतुलित रखी जाएगी।
रफ्तार और सुविधाएं
इस ट्रेन को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ने के लिए डिजाइन किया गया है। सुविधाओं में यात्रियों के लिए चार्जिंग पॉइंट के साथ रीडिंग लाइट, आधुनिक डिस्प्ले पैनल, सुरक्षा कैमरे, मॉड्यूलर पैंट्री और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ व शौचालय शामिल हैं। फर्स्ट क्लास एसी कोच में तो गर्म पानी के साथ शॉवर की सुविधा भी दी गई है, जिससे लंबी यात्राओं में भी यात्रियों को आराम मिलेगा।
