पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री के मशहूर गायक करन औजला ने एक बार फिर अपने दरियादिल स्वभाव से लाखों दिल जीत लिए। यूरोप के माल्टा में आयोजित ‘बॉर्डर ब्रेकिंग’ इवेंट के दौरान उन्होंने मंच से ही घोषणा कर दी कि इस शो से मिलने वाली पूरी फीस वे पंजाब के बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए दान करेंगे।
दर्शकों ने बजाई जोरदार तालियाँ
जैसे ही करन औजला ने यह घोषणा की, कार्यक्रम में मौजूद हज़ारों प्रशंसक भावुक हो उठे। पूरे हॉल में तालियों की गड़गड़ाहट गूँज उठी। करन ने कहा, “मैं जितना सक्षम हूँ, उतनी मदद करता रहूँगा।” उनके इस कदम की सराहना न सिर्फ पंजाब में, बल्कि विदेशों में बसे पंजाबी समुदाय ने भी की है।
पहले भी बढ़ाया मदद का हाथ
यह पहली बार नहीं है जब करन औजला ने ज़रूरतमंदों की मदद के लिए कदम बढ़ाया हो। इससे पहले भी उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुँचाने के लिए आर्थिक सहयोग दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी ओर से किश्तियाँ, फ्रिज, राशन और अन्य ज़रूरी सामान कई संस्थाओं के ज़रिए प्रभावित परिवारों तक पहुँचवाया था।
सोशल मीडिया से करते रहे अपील
करन औजला सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय हैं और उन्होंने समय-समय पर लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आएं। उनके पोस्ट और वीडियोस को देखकर हज़ारों फैंस ने प्रेरणा लेकर मदद अभियान में हिस्सा लिया।
पंजाब में तबाही का मंजर
गौरतलब है कि पंजाब में लगातार बारिश और बांध टूटने की वजह से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। हज़ारों परिवार बेघर हो चुके हैं और कई गाँव अब भी पानी में डूबे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य में प्रशासन, सेना और एनडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
कलाकार बने उम्मीद की किरण
इस संकट की घड़ी में सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि कई पंजाबी कलाकार भी मदद के लिए आगे आए हैं। करन औजला का यह कदम बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए किसी उम्मीद की किरण से कम नहीं है। इससे पहले अभिनेता रणदीप हुड्डा और अन्य सेलेब्रिटी भी पीड़ितों के लिए राहत अभियान में हाथ बँटा चुके हैं।
