आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिका के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका ने भारत से होने वाले निर्यात पर 50% टैरिफ लगाया है, तो भारत को जवाबी कदम के तौर पर अमेरिका से होने वाले आयात पर 75% टैरिफ लगाना चाहिए।
कपास आयात पर छूट से किसानों को नुकसान
केजरीवाल ने केंद्र सरकार के उस फैसले पर भी सवाल उठाए जिसमें 31 दिसंबर 2025 तक अमेरिका से कपास आयात पर 11% ड्यूटी में छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कदम से अमेरिकी किसानों को फायदा होगा और भारतीय, खासकर गुजरात के किसान, गरीब होते चले जाएंगे।
किसानों की मदद के लिए रखी मांगें
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने किसानों की सुरक्षा और हितों को देखते हुए कई सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका से आयातित कपास पर फिर से ड्यूटी लगाई जाए, कपास के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय किया जाए और 20 किलो कपास की खरीद 2100 रुपये में सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बीज और खाद पर किसानों को सब्सिडी भी दी जानी चाहिए।
हीरा उद्योग पर भी पड़ा असर
केजरीवाल ने दावा किया कि अमेरिका के टैरिफ फैसले से हीरा उद्योग में काम करने वाले मजदूर भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने झुक गई है और देश के हितों की अनदेखी कर रही है।
“देश आपके साथ खड़ा है”
आम आदमी पार्टी नेता ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए कहा, “पूरा देश आपके साथ खड़ा है। अगर आप अमेरिका से आने वाले आयात पर 75% टैरिफ लगाते हैं तो जनता इसे सहन करने के लिए तैयार है। बस एक बार हिम्मत दिखाइए, फिर देखिए अमेरिका कैसे पीछे हटता है।”
