पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। छुट्टी मिलते ही उन्होंने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए कल सुबह 11 बजे बैठक बुलाने का ऐलान किया। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर साझा की।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर होगी चर्चा
सीएम मान ने बताया कि बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इस बैठक में प्रभावित जिलों के डिप्टी कमिश्नर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होंगे, जबकि सचिव और मुख्य सचिव उनके चंडीगढ़ स्थित निवास पर मौजूद रहेंगे।
मेडिकल सुविधाएं और मुआवजा होगा एजेंडा
बैठक में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता, राहत कार्यों की गति और प्रभावित परिवारों को मिलने वाले मुआवजे पर चर्चा की जाएगी। साथ ही बाढ़ से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की रणनीति भी बनाई जाएगी।
डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह
मुख्यमंत्री मान को अस्पताल से छुट्टी देते समय डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन घर पर आराम करने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी सभी रिपोर्ट सामान्य आई हैं और अब उनकी सेहत स्थिर है।
कमजोर पल्स रेट के कारण भर्ती थे अस्पताल
गौरतलब है कि 5 सितंबर को सीएम भगवंत मान की पल्स रेट अचानक कम हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान कई राजनीतिक नेता भी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
अस्पताल से भी संभाली थी जिम्मेदारी
दिलचस्प बात यह रही कि अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद सीएम मान ने जिम्मेदारी निभाना नहीं छोड़ा। उन्होंने वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की थी।
मुख्यमंत्री के एक्शन मोड में लौटने से बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को उम्मीद है कि राहत कार्य और तेजी से आगे बढ़ेंगे।
