पंजाब की मान सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) को लेकर झूठा प्रचार फैलाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों पर तीखा हमला बोला है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि विपक्षी दल पंजाब की जनता को गुमराह कर रहे हैं। भाजपा लगातार यह झूठ फैला रही है कि राज्य सरकार फंड का सही उपयोग नहीं कर रही, जबकि कांग्रेस बिना सबूत लगाए आरोपों के सहारे केवल राजनीतिक रोटियाँ सेक रही है।
भाजपा पर गंभीर आरोप
चीमा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों के लिए भेजी जाने वाली राशि को भी रोका गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के हक़ की लड़ाई को कमज़ोर करने की साज़िश कर रही है और जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
फंड का पूरा ब्यौरा
वित्त मंत्री ने SDRF फंड का विस्तृत विवरण भी सार्वजनिक किया। उन्होंने बताया:
- वित्त वर्ष 2022-23 में पंजाब को 208 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 61 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
- 2023-24 में 645 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 420 करोड़ रुपये खर्च हुए।
- 2024-25 में 488 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जिनमें से 27 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
- 2025-26 में अब तक 241 करोड़ रुपये मिले, जिनमें से 140 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2022 से 10 सितंबर 2025 तक पंजाब को SDRF के तहत कुल 1,582 करोड़ रुपये मिले हैं। इनमें से 649 करोड़ रुपये सीधे राहत और पुनर्वास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि वर्तमान और आगामी बाढ़ राहत अभियानों में उपयोग की जाएगी।
झूठे प्रचार का आरोप
चीमा ने कहा कि यह साफ़ साबित करता है कि मान सरकार ने हर रुपये का इस्तेमाल जनता की भलाई के लिए किया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जानबूझकर SDRF फंड को लेकर झूठी कहानियाँ फैला रहे हैं ताकि लोग सच्चाई से अनजान रहें। यह सब केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए किया जा रहा है।
किसानों के मुद्दे पर भी निशाना
फाइनेंस मिनिस्टर ने कहा कि जब किसानों की फसलें बाढ़ में बर्बाद हुईं, तो केंद्र सरकार ने मदद देने में देरी की। इसके उलट मान सरकार ने तुरंत मुआवज़ा बांटकर किसानों को सहारा दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर मुश्किल घड़ी में जनता के साथ खड़ी है और किसानों का साथ देती रहेगी।
कांग्रेस पर भी हमला
चीमा ने कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास कोई ठोस सबूत नहीं है, फिर भी वे सिर्फ़ बयानबाज़ी करके राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने कभी पंजाब और उसके अधिकारों के लिए आवाज़ नहीं उठाई, उन्हें हमारी सरकार से सवाल पूछने का कोई हक़ नहीं है।
जनता के साथ खड़ी मान सरकार
आम आदमी पार्टी की सरकार ने साफ़ किया कि पंजाब के लिए आने वाला हर फंड जनता के काम में लगाया गया है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि आगे भी बाढ़ प्रभावित लोगों और किसानों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी ताक़त झोंक दी जाएगी। चीमा ने कहा कि भाजपा नेताओं को झूठा प्रचार बंद करना चाहिए और जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर केंद्र ने पंजाब के हजारों करोड़ रुपये क्यों रोक रखे हैं।
