पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए बड़े कदमों का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों से अब पानी उतर चुका है और अब सरकार का ध्यान जनजीवन को पटरी पर लाने पर है। इसके लिए राज्य स्तर पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। हर गांव में जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और मजदूर सरकार की ओर से भेजे जाएंगे ताकि बाढ़ से आए मलबे को हटाया जा सके।
हर गांव को मिलेगा आर्थिक सहयोग
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस अभियान के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का फंड तय किया है। शुरुआती तौर पर हर गांव को एक-एक लाख रुपये टोकन राशि के रूप में दिए जाएंगे। ज़रूरत के अनुसार आगे और धनराशि जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी और 24 से 25 सितंबर तक मिट्टी और मलबा हटाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
15 अक्टूबर तक गांव होंगे पूरी तरह साफ
मान ने भरोसा दिलाया कि 15 अक्टूबर तक गांवों की सभी साझा जगहों को साफ कर दिया जाएगा। साथ ही, हर गांव में फॉगिंग की जाएगी ताकि किसी तरह की बीमारी फैलने का खतरा न रहे। उन्होंने कहा कि “हमने मिलकर प्राकृतिक आपदा का सामना किया है और अब एकजुट होकर पंजाब को फिर से खड़ा करना है।”
मेडिकल कैंप और स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि बाढ़ से प्रभावित 2300 गांवों में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इनमें से 1707 गांवों में साझा जगहों पर मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर हर समय उपलब्ध रहेंगे। सरकार की ओर से 550 एम्बुलेंस भी मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने अपील की कि यदि किसी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो तो वे स्थानीय अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें।
पशुओं के लिए भी विशेष अभियान
भगवंत मान ने बताया कि बाढ़ से करीब ढाई लाख पशु प्रभावित हुए हैं। उन्हें बीमारियों से बचाने के लिए प्रत्येक गांव में वेटरनरी डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है। साथ ही, पशुओं और इंसानों के बीच बीमारी न फैले, इसके लिए टीकाकरण अभियान भी तेज कर दिया गया है।
धान की खरीद शुरू करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि धान (झोना) 15 दिन पहले ही मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद 16 सितंबर से आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी मंडियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सामान्य हालात बहाल करने का भरोसा
मान ने कहा कि सरकारी ढांचे को हुए नुकसान की मरम्मत का काम पहले से जारी है। उनका विश्वास है कि पंजाब बहुत जल्द इस संकट से निकलकर सामान्य जीवन की ओर लौटेगा। उन्होंने दोहराया कि “किसी भी नागरिक या पशु को बीमारी से बचाने के लिए सरकार हर स्तर पर तत्पर है और किसी को भी समस्या होने पर तुरंत मदद मिलेगी।”
