पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में फिरोज़पुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से भेजी गई हेरोइन की खेप को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जिससे पूछताछ में अहम खुलासे हुए हैं।
आरोपी के पास से मिली 15.775 किलो हेरोइन
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी का नाम सोनू सिंह है, जो हबीबवाला, फिरोज़पुर का रहने वाला है। उसके पास से 15.775 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये हो सकती है।
जेल से संचालित हो रहा था नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ड्रग नेटवर्क कपूरथला जेल में बंद एक आरोपी के इशारों पर चल रहा था। वहीं, यह पूरी खेप पाकिस्तान से भेजी गई थी। इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि जेल में बैठे गैंगस्टर और तस्कर किस तरह से नशे के कारोबार को चला रहे हैं।
FIR दर्ज, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है और अब नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। जल्द ही और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पंजाब पुलिस का सख्त संदेश
Punjab Police की ओर से साफ किया गया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि वह पंजाब को ड्रग-फ्री बनाने के मिशन पर काम कर रही है और नशा तस्करों को खत्म करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
