अगर आप अक्सर Zomato, Swiggy या Magicpin से खाना मंगाते हैं, तो अब आपकी जेब पर ज्यादा बोझ पड़ने वाला है। 22 सितंबर से फूड डिलीवरी चार्ज पर 18% GST लागू किया जा रहा है। इसका सीधा असर हर ऑर्डर की लागत पर पड़ेगा और ग्राहकों को अतिरिक्त टैक्स चुकाना होगा।
प्लेटफॉर्म फीस पहले ही बढ़ चुकी है
इससे पहले भी कंपनियों ने अपने प्लेटफॉर्म चार्ज में इजाफा किया था। Swiggy ने कुछ शहरों में यह फीस 15 रुपये (GST समेत) कर दी है। वहीं, Zomato फिलहाल 12.50 रुपये प्रति ऑर्डर और Magicpin 10 रुपये वसूल रहा है। अब डिलीवरी चार्ज पर GST जुड़ने से Zomato यूजर्स को लगभग 2 रुपये और Swiggy ग्राहकों को करीब 2.6 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।
सरकार ने जारी किया FAQ
वित्त मंत्रालय ने इस बदलाव को लेकर एक FAQ जारी किया है। इसमें साफ किया गया कि स्थानीय डिलीवरी सेवाओं पर 18% GST लगेगा। अगर डिलीवरी सीधे किसी रजिस्टर्ड सर्विस प्रोवाइडर द्वारा दी जाती है तो GST वही चुकाएगा। वहीं, अगर डिलीवरी किसी ई-कॉमर्स ऑपरेटर (ECO) द्वारा दी जाती है और प्रोवाइडर रजिस्टर्ड नहीं है, तो GST का भुगतान ECO को करना होगा।
स्टॉक मार्केट में दिखा असर
इस फैसले का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। मंगलवार को Swiggy का शेयर 3% से ज्यादा उछला। यह BSE पर 245.30 रुपये पर खुला और 438.30 रुपये तक पहुंच गया। Zomato के शेयर भी हल्की बढ़त के साथ 323.45 रुपये से बढ़कर 326.30 रुपये तक पहुंचे।
ग्राहकों पर सीधा असर
यह बदलाव सीधे तौर पर ग्राहकों की जेब पर असर डालेगा। अब हर ऑर्डर की कीमत में डिलीवरी चार्ज और प्लेटफॉर्म फीस पर अलग से 18% GST जुड़ जाएगा। हालांकि रकम ज्यादा नहीं है, लेकिन नियमित तौर पर ऑर्डर करने वाले ग्राहकों के लिए यह खर्च धीरे-धीरे बड़ा बोझ बन सकता है।
सरकार का तर्क
सरकार का कहना है कि यह कदम स्थानीय डिलीवरी सेवाओं को टैक्स ढांचे में शामिल करने के लिए उठाया गया है। अब तक कई बार डिलीवरी चार्ज पर GST को लेकर भ्रम की स्थिति रहती थी। नए नियम से यह साफ हो जाएगा कि टैक्स की जिम्मेदारी किसकी होगी और ग्राहकों से कितना वसूला जाएगा।
कंपनियां इस बदलाव को लेकर ग्राहकों को नोटिफिकेशन भेज रही हैं। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इससे फूड डिलीवरी कंपनियों पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन ग्राहकों के लिए ऑर्डर की कुल कीमत बढ़ जाएगी। त्योहारों और छुट्टियों के मौसम में यह फर्क और भी ज्यादा महसूस किया जाएगा।
