सरकार द्वारा किए गए GST सुधारों का असर अब आम उपभोक्ता की जेब पर साफ नजर आने लगा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख डेयरी कंपनी मदर डेयरी ने दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में कटौती करने का बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि अब पैक्ड दूध की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर कम कर दी गई है।
दूध होगा सस्ता, 1 लीटर पैक 75 रुपये में
मदर डेयरी ने जानकारी दी है कि अब 1 लीटर टोंड टेट्रा पैक दूध 77 रुपये की जगह 75 रुपये में मिलेगा। इसी तरह, 450 मिली पैक की कीमत 33 रुपये से घटाकर 32 रुपये कर दी गई है। दूध के साथ-साथ कंपनी ने घी, पनीर, मक्खन और फ्लेवर्ड मिल्कशेक जैसे अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतें भी घटा दी हैं।
22 सितंबर से लागू होंगी नई दरें
कंपनी ने बताया कि नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 3 सितंबर को GST दरों में बदलाव का ऐलान किया था। इसके चलते कई जरूरी सामानों की कीमतें कम होने की उम्मीद है। मदर डेयरी ने ग्राहकों को राहत देने के लिए सरकार की नई दरें लागू होने से पहले ही उत्पादों की कीमत घटा दी हैं।
ग्राहकों को मिलेगा 100% फायदा
मदर डेयरी ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी ने GST कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का फैसला किया है। कंपनी के ज्यादातर उत्पाद या तो जीरो टैक्स या फिर सिर्फ 5% GST स्लैब में आते हैं। ऐसे में कीमतों में कमी करके ग्राहकों को सस्ती दर पर सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
पनीर, क्रीम और मिल्कशेक भी हुए सस्ते
दूध के अलावा अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी राहत दी गई है।
-
200 ग्राम पनीर का पैक अब 95 रुपये से घटकर 92 रुपये में मिलेगा।
-
400 ग्राम पनीर का पैक 180 रुपये की जगह 174 रुपये का हो गया है।
-
200 ग्राम क्रीम का पैक अब 100 रुपये से घटकर 97 रुपये में मिलेगा।
-
वहीं, 180 मिली फ्लेवर्ड मिल्कशेक की कीमत 30 रुपये से घटाकर 28 रुपये कर दी गई है।
त्योहारों से पहले बड़ा तोहफा
त्योहारों का मौसम नजदीक आने के साथ यह कदम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित होगा। दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स हर घर की रोजमर्रा की जरूरत हैं। कीमतों में आई यह कटौती सीधे तौर पर आम जनता की जेब पर असर डालेगी और त्योहारों से पहले खर्च का बोझ हल्का करेगी।
