कर्नाटक के विजेपुरा जिले के चडचन् कस्बे में मंगलवार शाम को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा पर हुई डकैती ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। चश्मदीदों के अनुसार, नकाबपोश बदमाशों ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों को काबू में कर लिया और कुछ ही देर में करोड़ों की रकम लेकर रफूचक्कर हो गए।
वर्दी पहनकर पहुंचे थे बदमाश
जानकारी के मुताबिक, शाम लगभग 6:30 बजे पांच से अधिक लुटेरे फौजी वर्दी में बैंक पहुंचे। तीन लोग ग्राहक बनकर खाता खुलवाने का बहाना करते हुए अंदर गए। इसके बाद अचानक बंदूकें निकालकर उन्होंने मैनेजर, कैशियर और अन्य स्टाफ को बंधक बना लिया।
नकदी और सोना दोनों ले उड़े
डकैतों ने कर्मचारियों के हाथ-पैर बांध दिए और तिजोरी से भारी मात्रा में नकदी व आभूषण समेट लिए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरोह लगभग 1 करोड़ रुपये कैश और करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने की नाकाबंदी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी नाकों पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल वारदात का खुलासा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
इस वारदात ने इलाके के लोगों को हिला दिया है। बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बैंक शाखाओं में पर्याप्त सुरक्षा गार्ड और आधुनिक अलार्म सिस्टम होता, तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था।
