पंजाब में नशा तस्करी पर शिकंजा कसते हुए फिरोजपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पटियाला निवासी तस्कर दबोचा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटियाला निवासी कृष्णन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से 5.225 किलो हेरोइन बरामद की है। इतनी बड़ी मात्रा में नशे की खेप पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
साथी आरोपी की तलाश जारी
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि कृष्णन सिंह अपने साथी आरोपी मिंटू, जोकि जिला पटियाला के निआल, पतरां गांव का रहने वाला है, के साथ मिलकर नशा सप्लाई करता था। दोनों आरोपी पंजाब के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों हरियाणा और राजस्थान में भी हेरोइन की सप्लाई कर रहे थे।
गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जांच टीम अब गिरोह की पूरी नेटवर्किंग खंगालने में जुटी हुई है। इसके तहत नशा सप्लाई चेन के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तलाशे जा रहे हैं ताकि इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जा सके।
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख
पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि समाज को नशे के जहर से बचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर स्तर पर ड्रग सिंडिकेट्स को तोड़ने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि पंजाब को नशामुक्त बनाया जा सके।
