पंजाब में बीते तीन दिनों (14, 15 और 16 सितंबर) के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने अपने आंकड़े जारी किए हैं। इन रिपोर्ट्स से साफ हुआ है कि इस समय सबसे अधिक मरीज बुखार और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित पाए गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर लोगों से अपील की कि यदि किसी को भी बुखार, त्वचा की समस्या या किसी अन्य बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी मेडिकल कैंप में जाकर जांच करवाएं।
2101 गांवों में लगाए गए मेडिकल कैंप
सीएम मान ने जानकारी दी कि पंजाब सरकार ने गांवों और शहरों में बड़े स्तर पर मेडिकल राहत कैंप लगाए हैं। अब तक 2101 गांवों को इन कैंप्स से कवर किया जा चुका है। इन कैंपों में 1,42,395 मरीजों की जांच की गई। वहीं, मौके पर ही इलाज और दवाइयों की व्यवस्था भी की गई, ताकि किसी भी बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
आंकड़े बताते हैं बीमारी का फैलाव
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक:
-
बुखार के मरीज: 19,187
-
दस्त/डायरिया के मरीज: 4,544
-
त्वचा संक्रमण के मरीज: 22,118
-
आंखों के संक्रमण के मरीज: 10,304
इन सभी मरीजों का इलाज वहीं कैंपों में किया गया। सीएम मान ने कहा कि यह कदम बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए बेहद ज़रूरी है।
सरकार की प्रतिबद्धता पर सीएम मान का संदेश
सीएम मान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से जनता की सेवा में जुटा हुआ है। “पूरा पंजाब मेरा परिवार है और मैं अपने परिवार की सेहत के लिए हर पल समर्पित हूं।” उन्होंने आगे बताया कि ऐसे आंकड़े अब रोज़ाना शाम 6 बजे साझा किए जाएंगे ताकि लोग समय-समय पर जानकारी हासिल कर सकें और सतर्क रह सकें।
लोगों से सीएम की अपील
मुख्यमंत्री ने पंजाबवासियों से अपील की कि किसी भी तरह के लक्षण को नज़रअंदाज़ न करें और नज़दीकी मेडिकल कैंप में जाकर जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक का स्वास्थ्य और सुरक्षा है, और इसी दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
