एप्पल (Apple) की नई iPhone 17 सीरीज़ ने भारत में लॉन्चिंग से पहले ही रिकॉर्ड बना दिया है। 12 सितंबर (शुक्रवार) से शुरू हुई प्री-बुकिंग में ग्राहकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शुरुआती अनुमान बताते हैं कि इस बार की मांग iPhone 16 सीरीज़ की तुलना में 30-40% ज्यादा है।
बेस मॉडल की मांग सबसे मजबूत
मार्केट रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, सबसे ज्यादा डिमांड इस बार एंट्री-लेवल iPhone 17 की है। इसकी खास वजह है कि इस बार कंपनी ने बेस वेरिएंट को 256GB स्टोरेज के साथ पेश किया है। जबकि iPhone 16 का बेस मॉडल केवल 128GB तक ही सीमित था।
विशेषज्ञों का कहना है कि स्टोरेज क्षमता में बढ़ोतरी के साथ-साथ लॉन्च ऑफर्स और छूट ने भी खरीदारों को आकर्षित किया है।
एक्सपर्ट का क्या कहना है?
काउंटरपॉइंट रिसर्च के डायरेक्टर तरुण पाठक ने कहा कि, “एंट्री-लेवल मॉडल्स की मांग बेहद मजबूत है और यह ट्रेंड आने वाले महीनों तक जारी रह सकता है। शुरुआती बिक्री आमतौर पर काफी लंबी रहती है और इस बार भारत में एप्पल के लिए यह एक नया रिकॉर्ड बन सकता है।”
Pro और Pro Max के नए रंगों की डिमांड
सिर्फ बेस मॉडल ही नहीं, बल्कि iPhone 17 Pro और Pro Max की बिक्री भी शानदार रही है। खासकर नए कॉस्मिक ऑरेंज (Cosmic Orange) और डीप ब्लू रंगों की खूब मांग है।
हालांकि, इन मॉडलों की लोकप्रियता इतनी ज्यादा है कि फिलहाल कई डिस्ट्रिब्यूटर और ऑनलाइन स्टोर में स्टॉक खत्म हो गया है। ऐसे में ग्राहकों को अपनी पसंदीदा डिवाइस पाने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
डिलीवरी 19 सितंबर से शुरू
एप्पल की आधिकारिक डिलीवरी 19 सितंबर से शुरू होगी। मगर शुरुआती मांग को देखते हुए यह साफ है कि कुछ लोकप्रिय वेरिएंट्स के लिए ग्राहकों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
जानकारी के मुताबिक, कॉस्मिक ऑरेंज और डीप ब्लू मॉडल्स फिलहाल Amazon जैसे प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध नहीं हैं। इस बारे में तरुण पाठक ने कहा, “अगर कोई ग्राहक खासतौर पर ऑरेंज मॉडल खरीदना चाहता है, तो उसे लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। बढ़ती मांग को पूरा करना फिलहाल सेलर्स के लिए बड़ी चुनौती है।”
भारतीय बाजार में एप्पल का बढ़ता दबदबा
भारत एप्पल के लिए तेजी से बढ़ता हुआ मार्केट बन चुका है। iPhone 17 की लॉन्चिंग से यह उम्मीद की जा रही है कि कंपनी की बिक्री और भी मजबूत होगी। एंट्री-लेवल मॉडल्स की सफलता ने साफ कर दिया है कि भारतीय ग्राहक अब प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने में भी पीछे नहीं हैं।
कुल मिलाकर, iPhone 17 सीरीज़ ने लॉन्चिंग से पहले ही बाजार में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। स्टोरेज अपग्रेड, नए रंग और लॉन्च ऑफर्स ने इस बार की प्री-बुकिंग को ऐतिहासिक बना दिया है। अब देखना यह होगा कि 19 सितंबर से शुरू होने वाली डिलीवरी के बाद एप्पल इस मांग को कितनी जल्दी पूरा कर पाता है।
