पंजाब में बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ‘मिशन चढ़दी कला – मुख्यमंत्री रंगला पंजाब फंड’ में 1 करोड़ रुपये देने का वादा किया है। इस फंड में योगदान देने वाले वे पहले व्यक्ति बन गए हैं।
सोशल मीडिया पर किया ऐलान
डॉ. साहनी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा – “मैं पंजाब में बाढ़ राहत और पुनर्वास के लिए मिशन चढ़दी कला – मुख्यमंत्री रंगला पंजाब फंड में 1 करोड़ रुपये दान करता हूँ।” उनकी इस पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए मशीनरी का दान
पैसों के अलावा, सांसद साहनी ने राहत और सफाई अभियान को मजबूती देने के लिए 50 ट्रैक्टर और 10 जेसीबी मशीनें भी उपलब्ध कराई हैं। ये मशीनें अगले तीन महीनों तक चलने वाले गाद (सिल्ट) निकालने के अभियान में इस्तेमाल की जाएंगी। इसके अलावा, बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण के लिए उन्होंने ग्राम पंचायतों को 200 फॉगिंग मशीनें भी दान की हैं।
राहत सामग्री का वितरण
डॉ. साहनी ने अजनाला में एक मेगा वेयरहाउस भी स्थापित कराया है, जहाँ से हज़ारों प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुँचाई जा रही है। इन राहत किट्स में बिस्तर, गद्दे, रसोई सेट, कंबल, फर्नीचर और अन्य ज़रूरी घरेलू सामान शामिल है। इस पहल से बाढ़ पीड़ित परिवारों को काफी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री मान की अपील
गौरतलब है कि बीते दिन ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मिशन चढ़दी कला’ की शुरुआत की थी। इस मिशन का अर्थ है – कठिन से कठिन समय में भी हौसले और सकारात्मकता के साथ डटे रहना। मुख्यमंत्री मान ने देश और प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पंजाब को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने में मदद करें।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राहत और पुनर्वास के लिए आने वाला हर एक रुपया पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से खर्च किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से इस मुहिम का हिस्सा बनने का आग्रह करते हुए कहा कि पंजाब हमेशा “चढ़दी कला” यानी प्रगति और सकारात्मकता में विश्वास रखता है।
लोग कैसे कर सकते हैं योगदान
इस मिशन से जुड़ने और दान देने के इच्छुक लोग http://rangla.punjab.gov.in वेबसाइट पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और योगदान कर सकते हैं।
पंजाबी और पंजाबीअत के लिए समर्पित
डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी लंबे समय से पंजाबी संस्कृति और समाज के लिए काम करते रहे हैं। उनका कहना है कि पंजाब की जनता का दुख उनका अपना दुख है और इस संकट की घड़ी में हर संभव मदद दी जाएगी।
डॉ. साहनी का यह योगदान पंजाब के लिए न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि इससे लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री की अपील और समाज के लोगों का सहयोग मिलकर निश्चित ही पंजाब को इस मुश्किल दौर से बाहर निकालेगा।
