नवरात्रि के शुरू होते ही भारत की ऑटोमोबाइल मार्केट में भी रौनक लौट आई है। GST 2.0 के तहत दरों में कटौती और कंपनियों द्वारा दी जा रही विशेष छूट के कारण कारों और दोपहिया वाहनों की मांग में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है।
प्रमुख कार कंपनियों की बुकिंग हुई रिकार्ड स्तर पर
मारुति सुज़ुकी, हुंडई, टाटा मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प जैसी बड़ी कंपनियों की बुकिंग पहले ही दिन रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई। डीलरों का कहना है कि दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई में वाहनों की डिलीवरी आम दिनों के मुकाबले 3 से 5 गुना बढ़ गई है।
गुरुग्राम के पास्को ग्रुप के तीन मारुति अरीना शोरूम में पहले दिन 150 से ज्यादा डिलीवरी हुईं, जो सामान्य दिनों की तुलना में पांच गुना अधिक है। ग्रुप के चेयरमैन संजय पासी के अनुसार, छोटी कारों के लिए मांग सबसे अधिक है और इसका मुख्य कारण GST कटौती है।
मारुति और हुंडई में बुकिंग्स में तेजी
मारुति सुज़ुकी ने 18 सितंबर से अब तक 75,000 से ज्यादा बुकिंग्स प्राप्त की हैं। नवरात्रि के पहले दिन कंपनी को 30,000 कारों की बिक्री की उम्मीद है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी पार्थो बनर्जी के अनुसार, छोटी कारों की बुकिंग्स 50% बढ़ गई हैं, जबकि SUVs की मांग अभी भी सबसे अधिक है।
हुंडई मोटर इंडिया के डायरेक्टर तरुण गर्ग ने बताया कि कंपनी ने सिर्फ एक दिन में 11,000 डीलर बिलिंग दर्ज की, जो पिछले पांच साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है। टाटा मोटर्स के नेक्सन और पंच मॉडल की बुकिंग्स में भी तेजी देखी जा रही है। चेन्नई में हुंडई और मारुति के डीलरों ने बुकिंग्स में 50% की बढ़ोतरी की पुष्टि की।
दोपहिया वाहनों की मांग में भी उछाल
दोपहिया वाहन क्षेत्र में भी मंगाई तेजी से बढ़ी है। गुरुग्राम में हीरो मोटोकॉर्प के ग्लोब एंटरप्राइज ने सिर्फ एक दिन में 1,000 से 1,200 बाइक डिलीवरी का लक्ष्य रखा, जबकि सामान्य दिनों में हर आउटलेट पर सिर्फ 10 यूनिट बिकती हैं।
रॉयल एनफील्ड के ग्राहक भी उत्साहित हैं। दिल्ली के लंबा एंटरप्राइज ने बताया कि पहले दिन 180 बाइक डिलीवरी की तैयारी है, जो सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी है। GST कटौती से कीमतें 14-15 हजार रुपये तक कम हुई हैं, जिससे मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।
ऑटो उद्योग के लिए तिउहारी सीज़न में उम्मीद
विशेषज्ञों का कहना है कि GST 2.0 की कटौती और कंपनियों की छूट से यह तिउहारी सीज़न ऑटो उद्योग के लिए रिकार्ड तोड़ साबित हो सकता है। ग्राहकों का भरोसा और उत्साह कंपनियों के लिए नए रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद जगाए हुए हैं।
इस नए उत्साह के साथ ऑटोमोबाइल कंपनियों का मानना है कि नवरात्रि के दौरान बुकिंग्स और डिलीवरी में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
