पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को चंडीगढ़ में राज्य के सभी नगर निगमों के कमिश्नरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित कस्बों और शहरों में चल रहे सफ़ाई, मरम्मत और राहत कार्यों की समीक्षा की।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में सफाई और राहत कार्य तेज़ करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में सफ़ाई और मरम्मत कार्यों को तेज़ी से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन की सक्रिय भूमिका बेहद ज़रूरी है और लोगों को तुरंत राहत पहुँचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

जनता की मदद के लिए सरकार प्रतिबद्ध
बैठक के दौरान सीएम मान ने कहा कि नगर निगमों को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत कार्यों को और प्रभावी बनाना होगा। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जनता की सेवा और उनकी सुरक्षा प्रशासन की ज़िम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि इस काम को केवल ड्यूटी न समझें, बल्कि नेक कार्य के रूप में करें।

सीएम भगवंत मान ने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और बाढ़ प्रभावितों की हर संभव सहायता करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
