पंजाब की धरती से जुड़े कलाकार अब खुलकर कह रहे हैं कि उन्हें विदेशों की तुलना में अपने ही राज्य पंजाब में ज्यादा सुरक्षित महसूस होता है। खासकर कनाडा जैसे देशों में जहाँ कलाकारों को गैंगवार और आपराधिक गतिविधियों का सामना करना पड़ता है, वहीं पंजाब में हालात तेजी से सुधरे हैं।
मान सरकार की प्राथमिकता – सुरक्षा और शांति
मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने शुरू से ही सुरक्षा और शांति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पंजाब पुलिस की सक्रियता और सरकार की सख्त नीतियों ने यह भरोसा दिलाया है कि अब पंजाब में कलाकार और आम नागरिक दोनों बिना डर के अपना जीवन और करियर आगे बढ़ा सकते हैं।
गैंगस्टरों पर लगातार कार्रवाई
पिछले कुछ समय में पंजाब पुलिस ने कई कुख्यात गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। परिणामस्वरूप, अब राज्य में माहौल पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सकारात्मक दिखाई देता है।
विदेशों में असुरक्षा, पंजाब में अपनापन
कनाडा में बसे पंजाबी कलाकार अक्सर असुरक्षा का अनुभव करते हैं। वहाँ बढ़ते अपराध और गैंगवार की वजह से कलाकार दबाव और डर में जीते हैं। इसके उलट, पंजाब में उन्हें परिवार, प्रशंसकों और समाज का अपनापन और पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा दोनों का भरोसा मिलता है।
कलाकारों की राय
मशहूर गायक करन औजला ने हाल ही में कहा, “कनाडा में असुरक्षा महसूस होती है, लेकिन पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार की वजह से पंजाब में ज्यादा सुरक्षित लगता है।”
वहीं गायक मनकीरत औलख ने एक इंटरव्यू में कहा, “अगर पंजाब पुलिस जैसी पुलिस कनाडा में भी हो तो वहाँ गैंगस्टरवाद ख़त्म हो जाए। भारत की सबसे स्ट्रॉन्गेस्ट पुलिस पंजाब पुलिस है।”
उनके ये बयान न सिर्फ पुलिस की ताक़त को दर्शाते हैं बल्कि कलाकारों के गहरे विश्वास को भी उजागर करते हैं।
सरकार का वचन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा है कि पंजाब की शांति और भाईचारा किसी भी कीमत पर टूटने नहीं दिया जाएगा। चाहे कलाकार हों या आम नागरिक, सभी की सुरक्षा सरकार और पुलिस की सर्वोच्च ज़िम्मेदारी है।
