पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में जलंधर छावनी से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री परगट सिंह ने भारतीय मौसम विभाग (IMD) और भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाओं ने पंजाब के साथ “बहुत बड़ा धोखा” किया है और इनके खिलाफ FIR दर्ज की जानी चाहिए।
हिमाचल का उदाहरण दिया
परगट सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पहले ही BBMB के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। पंजाब को भी इसी राह पर चलते हुए कड़ा कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में भी पंजाब को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
केवल प्रस्ताव पास करने से काम नहीं चलेगा
परगट सिंह ने विधानसभा में कहा कि सिर्फ प्रस्ताव पास करने से कुछ हासिल नहीं होगा। “हमें राजनीतिक लड़ाई भी साथ ही लड़नी होगी। अगर IMD और BBMB के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो यह मसला केवल फाइलों में ही दबा रह जाएगा।” उन्होंने कहा कि पंजाब पहले भी शुभकरण मुद्दे पर हरियाणा सरकार के खिलाफ FIR दर्ज नहीं कर पाया, जिससे राज्य को नुकसान हुआ।
डैम सेफ्टी एक्ट की मांग
परगट सिंह ने पंजाब सरकार से डैम सेफ्टी एक्ट लाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि बांधों की सुरक्षा को लेकर ठोस कानून बनाना अब समय की जरूरत है। इस पर सभी दलों और विधायकों को एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर सरकार इस दिशा में कदम बढ़ाती है तो वह और उनके साथी पूरी मजबूती से साथ खड़े होंगे।
भविष्य को लेकर चेतावनी
अपने संबोधन के अंत में परगट सिंह ने स्पष्ट कहा कि पंजाब को अब अपनी आवाज़ बुलंद करनी होगी। “अगर BBMB और IMD के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में भी पंजाब को यही परेशानी झेलनी पड़ेगी। यह लड़ाई केवल विधानसभा में प्रस्ताव पास करने की नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की रक्षा करने की है।”
