बिग बॉस हाउस में हर दिन नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। इस हफ्ते का नॉमिनेशन टास्क कैट-फाइट और तीखी नोकझोंक के चलते सुर्खियों में है। घर दो ग्रुप्स में बंट चुका है और अब ओपन नॉमिनेशन के दौरान कंटेस्टेंट्स ने एक-दूसरे पर जमकर वार किए।
नॉमिनेशन टास्क का अनोखा अंदाज
बिग बॉस ने गार्डन एरिया को समुद्र का रूप दिया। नियम था कि अगर किसी कंटेस्टेंट की नाव में तीन मिसाइलें लग जाएंगी, तो वह सीधे नॉमिनेशन की सूची में शामिल हो जाएगा। इस दौरान घरवाले अपने-अपने विरोधियों को टारगेट करते नजर आए और हर किसी ने एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए।
फरहाना बनाम अशनूर
घर की कैप्टन फरहाना ने सबसे पहले अशनूर को टारगेट किया। उन्होंने कहा कि अशनूर की किसी के साथ कोई स्ट्रॉन्ग इक्वेशन नहीं है और वह घर के लिए मायने नहीं रखतीं। इस पर अशनूर ने पलटवार करते हुए फरहाना पर इनसिक्योरिटी का आरोप लगाया। फरहाना भड़क गईं और उन्होंने जवाब में कहा, “इनसिक्योरिटी और तुमसे? पहले खुद को देखो।” गुस्से में उन्होंने अशनूर को “छिपकली” तक कह डाला। झगड़ा इतना बढ़ा कि फरहाना ने कहा कि अशनूर को उनके सपनों तक में डर लगता होगा।
तान्या और नेहल की गरमा-गरमी
टास्क के दौरान नेहल ने तान्या मित्तल को टारगेट किया। लेकिन तान्या की दोस्त नीलम उनके सपोर्ट में खड़ी हो गईं। नीलम ने गुस्से में नेहल से कहा कि अगर किसी को उनके परिवार ने सबकुछ प्लेट में सजाकर दिया है तो इसमें उनकी गलती नहीं है। बात यहीं नहीं थमी, तान्या भी भड़क गईं और नेहल पर ताना कसते हुए बोलीं, “तू जितनी गंदगी पर गिर सकती है, मैं उतना नहीं गिर पाऊंगी।”
घर की लड़कियां आमने-सामने
नॉमिनेशन का यह टास्क पूरी तरह से कैट-फाइट में बदल गया। घर की लड़कियां एक-दूसरे से बुरी तरह भिड़ गईं। चीख-पुकार, आरोप-प्रत्यारोप और व्यक्तिगत टिप्पणियों से माहौल गरमा गया। झगड़े को देखकर ऐसा लगा मानो टास्क से ज्यादा सबका ध्यान एक-दूसरे को नीचा दिखाने पर है।
फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया
एपिसोड का प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। कुछ लोग फरहाना को सपोर्ट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने सही नॉमिनेशन किया। वहीं, अशनूर के चाहने वाले उनका बचाव कर रहे हैं और फरहाना को ओवर-रिएक्ट करने वाला बता रहे हैं। तान्या-नेहल की बहस पर भी फैंस बंट गए हैं।
