पंजाब सरकार ने एशिया की सबसे बड़ी दाना मंडी, खन्ना मंडी से जुड़े किसानों और आढ़तियों को बड़ी राहत प्रदान की है। लंबे समय से चली आ रही मांग को मानते हुए अब राहौण मंडी को आधिकारिक तौर पर मंडी यार्ड घोषित कर दिया गया है।
कोरोना काल से चली आ रही परेशानी का अंत
कोरोना काल के दौरान राहौण मंडी को अस्थायी तौर पर खन्ना मंडी का हिस्सा बनाया गया था। इससे ऑनलाइन प्रक्रिया में किसानों और आढ़तियों को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। अब सरकार के फैसले के बाद यह दिक्कत दूर हो गई है।
धान की खरीद शुरू, किसानों में उत्साह
सरकारी घोषणा के तुरंत बाद राहौण यार्ड में धान की खरीद शुरू हो गई। पहले ही दिन कुछ ही घंटों में 50 हजार से अधिक बोरियां खरीदी गईं। किसानों और आढ़तियों ने इसे राहत भरा कदम बताया।
स्थानीय नेतृत्व की सराहना
आढ़ती एसोसिएशन खन्ना के प्रधान हरबंस सिंह रोशा ने कहा कि यह फैसला कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सौंद की कोशिशों का नतीजा है। वहीं, मार्केट कमेटी के चेयरमैन जगतार सिंह गिल ने बताया कि विभागों ने तेजी से काम करते हुए किसानों की मांग पूरी की है।
इस फैसले से मुख्य खन्ना मंडी पर दबाव कम होगा और फसल की आवक में अव्यवस्था भी नहीं होगी। किसानों का मानना है कि इससे खरीद प्रक्रिया और भी सुगम और पारदर्शी होगी।
