तरणतारन में आज कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और लालजीत सिंह भुल्लर ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मेरा घर, मेरा मान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हल्का तरणतारन के 11 गांवों के लाभार्थियों को उनके जमीन-मालिकाना हक के प्रमाण के रूप में प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए गए।
हरदीप मुंडियां ने बताया इसका महत्व
इस मौके पर मुंडियां ने कहा, “आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि हम लोगों को उनकी संपत्ति के अधिकार दे रहे हैं। यह योजना राज्य में नई क्रांति लाएगी और लोगों को बड़ी राहत प्रदान करेगी।” उन्होंने यह भी बताया कि यह योजना मिशन मोड में लागू की जा रही है और दिसंबर 2026 तक पूरे पंजाब में लागू कर दी जाएगी।
लाल लकीर में रहने वालों को मिलेगा अधिकार
‘मेरा घर, मेरा मान’ योजना का मुख्य उद्देश्य लाल लकीर में रह रहे लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देना है। प्रॉपर्टी कार्ड के माध्यम से अब लोगों को अपनी संपत्ति पर स्पष्ट, डिजिटल और सरकारी रिकार्ड मिल जाएगा। मुंडियां ने कहा कि अब कोई भी यह नहीं कह सकेगा कि आपके पास जमीन का कोई सबूत नहीं है।
बैंक और कर्ज़ के लिए भी मददगार
प्रॉपर्टी कार्ड अब बैंक में जमीन की गारंटी के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे लाभार्थी आसानी से ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल ग्रामीण लोगों की वित्तीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए अहम साबित होगी।
अधिकारियों और ग्रामीणों की उपस्थिति
इस मौके पर हल्का इंचार्ज हरमीत सिंह संधू, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राजदीप सिंह बराੜ, एसडीएम गुरमीत सिंह और जिला माल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ढिल्लों सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा विभिन्न गांवों से आए लाभार्थियों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और प्रॉपर्टी कार्ड प्राप्त कर खुशी जाहिर की।
योजना से होगा व्यापक लाभ
विशेषज्ञों के अनुसार, यह योजना ग्रामीण संपत्ति अधिकारों को सुरक्षित बनाने और आर्थिक गतिविधियों में पारदर्शिता लाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में पूरे पंजाब में लागू होने के बाद लाखों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा और जमीन के विवादों में भी कमी आएगी।
