तरनतारन उपचुनाव के लिए CM BHAGWANT MANN ने घोषित किया उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी (AAP) ने तरनतारन विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने हरमीत सिंह संधू को आगामी उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है। इस घोषणा के साथ ही AAP ने साफ कर दिया है कि वह इस सीट पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।
डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन से खाली हुई थी सीट
यह सीट उस समय खाली हुई जब AAP विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का 27 जून 2025 को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया। वह 2022 के विधानसभा चुनावों में AAP की टिकट पर तरनतारन से विधायक चुने गए थे। सोहल के निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई और अब यहां उपचुनाव होना है।
पंथक सीट मानी जाती है तरनतारन
तरनतारन सीट को पंथक सीट माना जाता है, इसलिए यहां चुनावी मुकाबला हमेशा दिलचस्प रहता है। इस बार भी राजनीतिक दलों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है।
अमृतपाल सिंह की पार्टी भी मैदान में
खालिस्तान समर्थक और वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी ने भी यहां से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में मुकाबला और भी रोचक हो गया है।
AAP का मजबूत चेहरा
राजनीतिक समीक्षकों का मानना है कि AAP ने हरमीत सिंह संधू को इसलिए चुना है क्योंकि पार्टी को यहां एक मजबूत चेहरा चाहिए था। अब देखना होगा कि संधू मतदाताओं को कितना प्रभावित कर पाते हैं और उपचुनाव में बाज़ी किसके हाथ लगती है।
