दिवाली और छठ पूजा के मौके पर जब लाखों लोग ट्रेन टिकट बुक करने में जुटे थे, तभी IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप अचानक काम करना बंद कर गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स लगातार शिकायत कर रहे हैं कि वे न तो लॉगइन कर पा रहे हैं, न ही टिकट बुक।
यूजर्स के मुताबिक, वेबसाइट या ऐप खोलने पर “Server Unavailable” का मैसेज दिख रहा है। कुछ लोगों ने बताया कि बार-बार रिफ्रेश करने के बाद भी वेबसाइट खुल नहीं रही।
सोशल मीडिया पर फूटा यूजर्स का गुस्सा
X (ट्विटर) और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #IRCTCDown ट्रेंड करने लगा। हजारों लोगों ने ऐप और वेबसाइट के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए मीम्स और शिकायतें पोस्ट कीं।
वेबसाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Down Detector के अनुसार, अब तक 5000 से अधिक यूजर्स ने IRCTC के डाउन होने की सूचना दी है।
हालांकि कुछ समय बाद वेबसाइट आंशिक रूप से चालू हुई, लेकिन कई यूजर्स को अब भी लॉगइन और पेमेंट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
RailOne ऐप से हो रही बुकिंग, राहत की खबर
इस बीच राहत की खबर यह है कि RailOne ऐप काम कर रहा है। जो यूजर्स तत्काल या सामान्य टिकट बुक करना चाहते हैं, वे फिलहाल RailOne ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।
क्या करें अगर पेमेंट फंस गया हो?
अगर IRCTC ऐप या वेबसाइट पर बुकिंग करते समय आपका पेमेंट कट गया हो, लेकिन टिकट बुक न हुआ हो, तो घबराने की जरूरत नहीं है।
IRCTC के नियमों के अनुसार:
-
पेमेंट फेल होने की स्थिति में 3 से 5 वर्किंग डेज में रिफंड अपने आप आपके खाते में आ जाता है।
-
कुछ मामलों में रिफंड आने में 21 दिन तक लग सकते हैं।
-
अगर इतने दिन बाद भी पैसा वापस नहीं आता, तो आप IRCTC के कस्टमर केयर से संपर्क कर सकते हैं।
-
ईमेल आईडी: care@irctc.co.in
-
क्या है वेबसाइट डाउन होने की वजह?
अभी तक IRCTC की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि वेबसाइट और ऐप के ठप होने की वजह तत्काल टिकट बुकिंग के समय भारी ट्रैफिक है।
दिवाली और छठ के कारण लाखों यूजर्स एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ गया।
पहले भी आई हैं ऐसी तकनीकी दिक्कतें
यह पहली बार नहीं है जब IRCTC की वेबसाइट क्रैश हुई हो। हर साल त्योहारी सीजन में टिकट बुकिंग की भारी भीड़ के कारण वेबसाइट और ऐप में दिक्कतें आती हैं।
ट्रेन टिकट बुकिंग के लिए IRCTC देशभर में सबसे बड़ा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां हर दिन लाखों यूजर्स लॉगइन करते हैं।
अब क्या स्थिति है?
नवीनतम जानकारी के मुताबिक, IRCTC वेबसाइट धीरे-धीरे बहाल हो रही है। कुछ यूजर्स लॉगइन करने में सफल हुए हैं, जबकि कुछ को अब भी एरर दिख रहा है।
रेल मंत्रालय या IRCTC की ओर से अभी तक किसी तकनीकी खामी या सर्वर अपडेट को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
-
