पंजाब की मान सरकार ने इस बार किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा है कि राज्य के हर किसान की धान की फसल का एक-एक दाना सरकार खरीदेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी किसान को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं होगी और भुगतान भी समय पर मिलेगा।
इस बार सरकार ने धान खरीद के इंतजाम पहले से बेहतर किए हैं। पूरे पंजाब में हजारों खरीद केंद्र खोले गए हैं, जहां किसानों के लिए पानी, शेड और बैठने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि खरीद केंद्रों पर किसी भी तरह की रुकावट न आने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब का किसान हमारे अन्नदाता हैं। हम उनके हर दाने की कीमत देंगे। किसान को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि हर खरीद केंद्र की रोज़ाना निगरानी की जाए। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं ताकि किसान अपनी शिकायत तुरंत दर्ज करा सकें और उसका समाधान हो सके।
समय पर भुगतान, डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता
सरकार ने किसानों के भुगतान के लिए डिजिटल सिस्टम को मजबूत किया है। अब किसान को धान बेचने के 48 घंटे के अंदर ही पैसा बैंक खाते में मिल रहा है। पहले जहां किसानों को महीनों तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब यह प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है। नकद लेनदेन की झंझट खत्म होने से पारदर्शिता और भरोसा दोनों बढ़े हैं।
लुधियाना के किसान हरपाल सिंह बताते हैं, “इस बार सब कुछ बहुत व्यवस्थित रहा। हमें मंडी में इंतजार नहीं करना पड़ा और पैसा भी जल्दी मिल गया।” इसी तरह संगरूर के किसान बलविंदर सिंह ने कहा, “मेरी फसल दो दिन में बिक गई और तीन दिन में बैंक खाते में पैसे आ गए। पहली बार ऐसा हुआ कि कोई दिक्कत नहीं आई।”
ऑनलाइन पोर्टल से आसान हुई प्रक्रिया
मान सरकार ने एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है, जहां किसान अपनी बारी देख सकते हैं, भुगतान की स्थिति जान सकते हैं और रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इससे किसानों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। खरीद केंद्रों पर टोकन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे भीड़ कम हुई है और प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अब किसान अपनी बारी आने पर आराम से फसल बेचकर लौट सकते हैं।
छोटे किसानों पर विशेष ध्यान
सरकार ने छोटे और सीमांत किसानों को विशेष प्राथमिकता दी है। पहले इन किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कतें आती थीं, लेकिन अब उनके लिए भी समान सुविधा और सम्मान सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “हमारा वादा है कि किसी किसान की मेहनत बेकार नहीं जाएगी। पंजाब की तरक्की किसानों की खुशहाली से जुड़ी है, इसलिए सरकार हर कदम किसानों के साथ खड़ी है।”
इस बार की खरीद प्रक्रिया सुचारू, पारदर्शी और किसान हित में साबित हो रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह व्यवस्था बनी रही तो पंजाब के किसानों का भविष्य और भी उज्जवल होगा। मान सरकार के इस कदम से किसानों में विश्वास और उम्मीद दोनों बढ़े हैं।
