ब्रिटेन के उत्तरी इंग्लैंड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक 20 वर्षीय भारतीय मूल की महिला के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। यह घटना वॉलसॉल (Walsall) के पार्क हॉल इलाके में हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इस हमले को नस्लीय अपराध (racial attack) मानते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला
‘वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस’ के अनुसार, शनिवार (25 अक्टूबर) की शाम को उन्हें सूचना मिली कि वॉलसॉल के पार्क हॉल क्षेत्र में एक महिला परेशानी में है। तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को सहायता दी गई। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि महिला के साथ बलात्कार किया गया था।
पुलिस ने बताया कि यह हमला बेहद भयानक था। मामले की जांच कर रहे डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट रोनन टायरर ने कहा, “यह एक युवा महिला पर बेहद डरावना हमला है। हमारी टीम लगातार सबूत इकट्ठे कर रही है ताकि हम अपराधी को जल्द से जल्द पकड़ सकें।”
आरोपी की तलाश और सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज जारी की है और जनता से सहयोग मांगा है। रिपोर्ट के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति लगभग 30 साल का है, श्वेत पुरुष है, उसके बाल छोटे हैं और घटना के समय उसने काले रंग के कपड़े पहने हुए थे।
पुलिस ने कहा है कि यदि किसी ने उस इलाके में कुछ संदिग्ध देखा हो या उसके पास घटना के समय का कोई वीडियो या फोटो हो, तो तुरंत जानकारी साझा करे। यह जानकारी आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी में मददगार साबित हो सकती है।
आरोपी ने दरवाजा तोड़कर हमला किया
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने महिला के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया। यह जानकारी सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्सा दोनों है। ‘सिख फेडरेशन यूके’ के अनुसार, पीड़िता पंजाबी मूल की महिला है। पुलिस ने इस घटना को बेहद गंभीर मानते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है।
चीफ सुपरिंटेंडेंट फिल डॉल्बी ने कहा कि स्थानीय समुदाय में भय का माहौल है, इसलिए इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जा रही है ताकि लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा सके।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले पास के ओल्डबरी क्षेत्र में भी एक ब्रिटिश सिख महिला के साथ नस्लीय आधार पर बलात्कार की घटना सामने आई थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन दोनों मामलों को आपस में जोड़ने से इंकार किया है।
समुदाय की प्रतिक्रिया
भारतीय समुदाय और सिख संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। लोगों ने मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और सख्त सजा दी जाए। कई सामाजिक संगठनों ने भी पीड़िता के लिए न्याय की मांग करते हुए सोशल मीडिया पर अभियान शुरू किया है।
यह घटना ब्रिटेन में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। पुलिस ने कहा है कि वह इस अपराध को “नस्लीय रूप से प्रेरित हमला” मानकर जांच कर रही है और अपराधी को जल्द पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी फरार है, और पुलिस ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
