पंजाब के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने जानकारी दी है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहीदी जयंती के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु भव्य टेंट सिटी का निर्माण शुरू हो गया है।
मंत्री ने बताया कि इस टेंट सिटी का निर्माण तीन स्थानों — अगमपुर, पीएसपीसीएल ग्राउंड मटोर और झिंझड़ी — में किया जा रहा है।
21 करोड़ की लागत से बनेगी टेंट सिटी
सोंध ने बताया कि पर्यटन और सांस्कृतिक विभाग द्वारा टेंट सिटी की स्थापना पर करीब 21.52 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस टेंट सिटी में हर दिन 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी सुविधाएं — बिजली, पानी, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और खानपान की व्यवस्था — उपलब्ध कराई जाएगी।
19 नवंबर से 30 नवंबर तक रहेगी टेंट सिटी सक्रिय
तरुणप्रीत सिंह सोंध ने बताया कि टेंट सिटी 19 नवंबर से 30 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए चालू रहेगी। श्रद्धालु अपने टेंट ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इसके लिए विभाग जल्द ही वेबसाइट और बुकिंग की पूरी जानकारी सार्वजनिक करेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कें भी बन रहीं बेहतर
मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को टेंट सिटी तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए आसपास की सड़कों का नवीनीकरण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष टीमें भी तैनात की जाएंगी।
कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष प्रबंध
उन्होंने बताया कि इन ऐतिहासिक आयोजनों की सफलता और सुचारू व्यवस्था के लिए पर्यटन और सांस्कृतिक विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। विभाग पूरे समर्पण के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
तरुणप्रीत सिंह सोंध ने लोगों से अपील की है कि वे इस पवित्र अवसर पर बड़ी संख्या में शामिल होकर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित करें।
