बीएसई सेंसेक्स ने मंगलवार सुबह 125.93 अंकों की बढ़त के साथ 84,904.77 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। वहीं, एनएसई निफ्टी 39.8 अंक बढ़कर 26,005.85 पर पहुंच गया। निवेशकों में उम्मीद थी कि अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर सकारात्मक संकेतों के चलते बाजार में मजबूती रहेगी।
लेकिन, कुछ समय बाद ही मुनाफावसूली के चलते बाजार का रुख बदल गया और सूचकांक नीचे आ गए।
गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 150.68 अंक या 0.18% गिरकर 84,628.16 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 29.85 अंक यानी 0.11% की गिरावट के साथ 25,936.20 पर आ गया। हालांकि, बैंक निफ्टी ने मजबूती दिखाई और 100 अंकों की बढ़त के साथ 58,214 पर बंद हुआ।
मुद्रा बाजार में भी हल्की कमजोरी देखने को मिली, जहां रुपया 2 पैसे गिरकर 88.27 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इन कंपनियों ने दिया मुनाफा, इनको हुआ घाटा
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से SBI, टाटा स्टील, लार्सन एंड टूब्रो, अडानी पोर्ट्स, टाइटन और मारुति को सबसे अधिक फायदा हुआ। दूसरी ओर, ICICI बैंक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
अक्टूबर में मिला शानदार रिटर्न
अक्टूबर की ट्रेडिंग सीरीज़ निवेशकों के लिए फायदेमंद रही। इस महीने सेंसेक्स ने 5.5%, निफ्टी ने 5.4% और बैंक निफ्टी ने 6% की शानदार बढ़त दर्ज की।
वैश्विक बाजारों का मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कोस्पी और जापान के निक्केई 225 में गिरावट रही, जबकि चीन के एसएसई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में बढ़त दर्ज की गई। सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी देखी गई थी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.05% बढ़कर 65.65 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली, घरेलू निवेशकों ने खरीदी
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) ने 55.58 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,492.12 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में RBI के हस्तक्षेप और वैश्विक संकेतों के आधार पर बाजार में फिर से सुधार देखने को मिल सकता है।
