पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री मुक्तसर साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने शहर को विकास की नई सौगातें दीं। गुरू गोबिंद सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा में उन्होंने 138.82 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्टों का ऐलान किया। इनमें 90 करोड़ 68 लाख रुपये सीवरेज सिस्टम के लिए और 48 करोड़ 14 लाख रुपये जल आपूर्ति योजनाओं के लिए खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस शहर में लगभग 31 हजार घर हैं और जब ये प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे तो करीब 1 लाख 58 हजार लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब शहरवासियों को गंदे पानी, सीवरेज जाम और पानी की कमी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
सीएम मान बोले – 30 साल बाद शहर को मिल रहा नया सीवरेज सिस्टम
भगवंत मान ने कहा, “यह शहर ऐतिहासिक महत्व रखता है, लेकिन पिछले 30 सालों से यहां कोई बड़ा काम नहीं हुआ। पहले भी मुख्यमंत्री और मंत्री इसी जिले से बने, लेकिन इस शहर को हमेशा नजरअंदाज किया गया। अब हमारी सरकार इस शहर को उसका हक देने जा रही है।” उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं इन प्रोजेक्टों की शुरुआत इस ऐतिहासिक धरती से कर रहा हूं।
शहर की पुरानी समस्या होगी खत्म
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री मुक्तसर साहिब का पुराना सीवरेज सिस्टम अब अपनी आयु पूरी कर चुका है, जिसके कारण आए दिन सीवरेज ब्लॉक होने की शिकायतें मिलती हैं। कई नई कॉलोनियां अब तक सीवरेज से नहीं जुड़ पाई हैं। नए प्रोजेक्टों के बाद यह स्थिति पूरी तरह सुधर जाएगी।
दरबार साहिब के आसपास बेहतर सुविधाएं
भगवंत मान ने कहा कि नए प्रोजेक्टों से श्री दरबार साहिब के आसपास के इलाकों में सीवरेज और जल आपूर्ति की सुविधाएं काफी बेहतर हो जाएंगी। इसके अलावा कोटकपूरा रोड और अबोहर रोड पर दो नई ऊंची पानी की टंकियां बनाई जाएंगी, जिससे पूरे क्षेत्र में सुचारू पानी की सप्लाई सुनिश्चित होगी।
17 करोड़ से सड़कों और गलियों का पुनर्निर्माण
सीएम मान ने बताया कि इन विकास कार्यों के दौरान जब सड़कों की खुदाई होगी, तो नगर कौंसिल की गलियां और मुख्य सड़कें भी प्रभावित होंगी। इसलिए 17 करोड़ रुपये सड़कों और गलियों के पुनर्निर्माण के लिए अलग से रखे गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि सभी काम समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि शहर के लोगों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस तरह मुख्यमंत्री भगवंत मान की यह घोषणा श्री मुक्तसर साहिब के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे न केवल शहर की बुनियादी जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
