अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रामदास थाना क्षेत्र के गांव घोनेवाल से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। यह इलाका रावी नदी के पास भारत-पाक सीमा से सटा हुआ है।
मिले अत्याधुनिक हथियार और गोलियां
पुलिस को तलाशी के दौरान दो एके-सीरीज़ असॉल्ट राइफल्स, आठ मैगज़ीन, एक .30 बोर की पिस्टल और दो मैगज़ीन बरामद हुई हैं। इसके अलावा .30 बोर की 50 जिंदा गोलियां और 7.62 मिमी की 245 जिंदा गोलियां भी बरामद की गई हैं। इस बरामदगी से यह साफ है कि गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
समय रहते पुलिस ने टाली बड़ी साजिश
अमृतसर ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिले थे कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी संगठनों और गैंगस्टर समूहों के बीच सीमावर्ती इलाकों में गतिविधियां बढ़ रही हैं। पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते एक बड़ी घटना टल गई।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हथियार तस्करी नेटवर्क के पिछले और आगे के सभी कनेक्शन किन लोगों से जुड़े हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये हथियार कहां से लाए गए और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।
पंजाब पुलिस का सख्त संदेश
पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह राज्य में सक्रिय संगठित अपराध और तस्करी नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का कहना है कि किसी भी विदेशी साजिश को पंजाब की सरज़मीं पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
इस ऑपरेशन ने एक बार फिर दिखा दिया है कि पंजाब पुलिस सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है और राज्य को अस्थिर करने की किसी भी कोशिश को सख्ती से नाकाम किया जाएगा।
