भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को क्वींसलैंड में खेला जाएगा। फिलहाल तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है। जो भी टीम यह मुकाबला जीतेगी, वह सीरीज में बढ़त बना लेगी।
सीरीज की शुरुआत बारिश से हुई थी, जब पहला मुकाबला बेनतीजा रहा। दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की और बढ़त हासिल की थी। लेकिन तीसरे मैच में टीम इंडिया ने दमदार वापसी की और 5 विकेट से मुकाबला जीतकर सीरीज को बराबर कर दिया।
चौथे टी20 से पहले दोनों टीमों के कुछ खिलाड़ियों में बदलाव देखने को मिला है। ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आराम दिया गया है, जबकि तेज गेंदबाज सीन एबॉट भी इस मुकाबले से बाहर रहेंगे। उधर, भारत की ओर से कुलदीप यादव को स्वदेश भेज दिया गया है ताकि वे साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी कर सकें।
क्वींसलैंड के मैदान पर अब तक सिर्फ दो अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले खेले गए हैं। यह पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां रन बनाना आसान है, लेकिन तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग से फायदा मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, और तिलक वर्मा पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी होगी। वहीं, गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती से टीम को उम्मीदें हैं कि वे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोक पाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श और टिम डेविड मुख्य बल्लेबाज रहेंगे। नाथन एलिस और बेन ड्वारशुइस की गेंदबाजी भारत के बल्लेबाजों के लिए चुनौती पेश कर सकती है।
अगर दोनों टीमों के आमने-सामने के रिकॉर्ड की बात करें, तो अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कुल 35 टी20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 21 बार भारत को जीत मिली है, जबकि 12 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं। दो मुकाबले बेनतीजा रहे।
