पंजाब की भगवंत मान सरकार ने खेल और खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित, वैज्ञानिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य कैबिनेट ने पंजाब स्पोर्ट्स मेडिकल कैडर में 110 नई पदों की भर्ती को मंजूरी दी है। इनमें ग्रुप-ए के 14, ग्रुप-बी के 16 और ग्रुप-सी के 80 पद शामिल हैं। सरकार का यह कदम न सिर्फ खेल ढांचे को मजबूती देगा, बल्कि नौजवानों के लिए 110 पक्की सरकारी नौकरियों के अवसर भी खोलेगा।
तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी नियुक्ति
इन सभी मेडिकल प्रोफेशनल्स को शुरुआत में तीन साल के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर रखा जाएगा, जिसे उनके प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के नौकरियां दी हैं, और यह भर्ती भी पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगी।
खेलों से जुड़े युवाओं के लिए सुनहरा मौका
यह भर्ती विशेष रूप से स्वास्थ्य, मेडिकल और पैरा-मेडिकल क्षेत्र के उन प्रशिक्षित युवाओं के लिए बड़ा अवसर है, जो खेल जगत में करियर बनाना चाहते हैं। ये विशेषज्ञ खिलाड़ी को चोट लगने की स्थिति में बेहतर इलाज, तेज रिकवरी और प्रदर्शन सुधार में मदद करेंगे। इसके अलावा, यह टीम खेल विकास में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करेगी, जिससे पंजाब के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की मेडिकल सुविधाओं से लाभान्वित होंगे।
कौन-कौन से जिलों में होगी नियुक्ति
नई स्पोर्ट्स मेडिकल टीम को उन जिलों में तैनात किया जाएगा जहां खेल गतिविधियां और खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक है। इनमें पटियाला, संगरूर, बठिंडा, फरीदकोट, फाजिल्का, लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, मोहाली (SAS नगर), रूपनगर और होशियारपुर शामिल हैं। इससे खिलाड़ियों को अपने ही जिले में उन्नत चिकित्सा सहायता और प्रदर्शन सुधार सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया – पंजाब को बना रहे हैं स्पोर्ट्स पावरहाउस
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “खेल विभाग में 110 नई भर्तियां सिर्फ नौकरियों का सृजन नहीं हैं, बल्कि पंजाब को स्पोर्ट्स पावरहाउस बनाने की दिशा में ठोस कदम हैं। अब हर जिले के खिलाड़ी को समय पर मेडिकल सुविधा मिलेगी और पंजाब का खेल प्रदर्शन नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
सरकार का लक्ष्य – युवाओं को रोजगार और खेलों को बढ़ावा
पंजाब सरकार का यह निर्णय दिखाता है कि वह न सिर्फ खेलों के विकास को लेकर गंभीर है, बल्कि राज्य के युवाओं के रोजगार और उज्जवल भविष्य के प्रति भी पूरी तरह समर्पित है। यह कदम खेलों को नया वैज्ञानिक आधार देगा और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा।
