पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में 10 और 11 नवंबर 2025 को दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय विश्वविद्यालय प्रशासन ने उस स्थिति को देखते हुए लिया है, जिसमें 10 नवंबर को परिसर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की घोषणा की गई है।
10 नवंबर को होगा विरोध प्रदर्शन
हालांकि केंद्र सरकार ने पंजाब विश्वविद्यालय की सिनेट और सिंडिकेट को भंग करने वाले नोटिफिकेशन को रद्द कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद पंजाब की कई सामाजिक, छात्र और राजनीतिक संगठनों ने 10 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इन संगठनों का कहना है कि यह मामला पंजाब की शिक्षा और स्वायत्तता से जुड़ा हुआ है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बदली छुट्टियों की तारीखें
इस संभावित प्रदर्शन को देखते हुए पंजाब विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।
विश्वविद्यालय के डीन कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 31 अक्तूबर 2025 को जारी सर्कुलर नंबर 11227/DUI/DS को वापस लेते हुए, पहले घोषित 22 दिसंबर 2025 और 27 जनवरी 2026 की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है।
अब इनकी जगह 10 और 11 नवंबर 2025 को अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने विभागों को भेजी सूचना
यह आदेश विश्वविद्यालय के सभी शिक्षण विभागों, केंद्रों और संस्थानों के चेयरपर्सनों, डायरेक्टरों और को-ऑर्डिनेटरों को भेजा गया है ताकि छात्र और स्टाफ समय रहते जानकारी प्राप्त कर सकें।
