पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विधानसभा हलका तरणतारन से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के समर्थन में गाँव पंजवड़, ठठी सोहल और झबाल कलां में जनसभाएँ कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से पहुँचे और मान सरकार के प्रति अपना समर्थन जताया। मुख्यमंत्री ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तरनतारन के लोग अच्छे से समझते हैं कि जन-हितैषी सरकार कैसी होती है, और इसलिए वे 11 नवंबर को ‘आप’ उम्मीदवार को भारी मतों से जीत दिलाएँगे।
“जनता ने आम घरों के बेटों को बनाया नेता”
सीएम मान ने कहा कि जब पंजाब के लोगों ने आम घरों के बेटों-बेटियों को चुनकर विधानसभा भेजा, तो विरोधियों की “घटिया मानसिकता” खुलकर सामने आ गई। उन्होंने कहा कि विरोधी अब जनता को जाति, रंग और वर्ग के नाम पर बाँटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पंजाब की जनता समझदार है और इस बार भी ऐसे नेताओं को जवाब देगी।
“विरोधियों ने युवाओं को नशे की दलदल में धकेला”
भगवंत मान ने विरोधी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन्होंने सत्ता में रहते हुए पंजाब के युवाओं को नशे की दलदल में धकेला, वे आज वोट मांगने का ढोंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “विरोधियों ने हमारे बच्चों को अनपढ़ रखा ताकि वे अपनी राजनीति चमका सकें, लेकिन अब हमने सरकारी स्कूलों में आधुनिक शिक्षा शुरू की है, जिससे हर बच्चा अफसर बनकर अपने घर की गरीबी मिटा सके।”
“झाड़ू का बटन दबाकर चुनिए तरक्की”
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ वे लोग हैं जिनके हाथों में बर्बादी का पेन है, और दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी है, जिसके हाथ में तरक्की और ईमानदारी की कलम है। उन्होंने विश्वास जताया कि तरनतारन के समझदार लोग ‘झाड़ू’ का बटन दबाकर विकास और बदलाव को वोट देंगे।
