पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को राहत राशि बांटते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब पंजाब संकट के दौर से गुजर रहा था, तब केंद्र ने राज्य का साथ नहीं दिया।
खुडियां ने यह बात फिरोजपुर जिले के गांव रतन टिब्बा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही, जहां उन्होंने बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित किसानों व परिवारों को मुआवजा राशि के चेक वितरित किए।
मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ से हुए भारी नुकसान का पूरा ब्यौरा तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन अब तक राज्य को कोई आर्थिक मदद नहीं मिली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब की स्थिति समझनी चाहिए थी, क्योंकि इस प्राकृतिक आपदा ने न सिर्फ किसानों की फसलों को तबाह किया, बल्कि कई लोगों के घर और जीवन भी उजड़ गए।
गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार अपने संसाधनों से ही बाढ़ पीड़ितों की सहायता कर रही है। “मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रभावित परिवार को मदद से वंचित न रखा जाए। सरकार हर पीड़ित तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे बताया कि पंजाब सरकार ने किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए विशेष राहत पैकेज तैयार किया है। इसका मकसद है कि किसानों को दोबारा अपने खेतों में फसल बोने के लिए आर्थिक सहारा मिले और उनका जीवन सामान्य हो सके।
मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे हिम्मत न हारें और सरकार पर भरोसा रखें। “हम सब मिलकर पंजाब को फिर से खड़ा करेंगे,”।
