दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है।
इस सिलसिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार देर रात पुलवामा से एक और डॉक्टर को हिरासत में लिया है।
डॉक्टर की पहचान सज्जाद अहमद माला के रूप में हुई है, जिसे पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया है।
उमर का दोस्त बताया जा रहा है सज्जाद
सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिया गया डॉक्टर सज्जाद अहमद, मुख्य आरोपी डॉक्टर उमर का करीबी दोस्त बताया जा रहा है।
एजेंसियों को शक है कि वह उमर के आतंकी नेटवर्क या मॉड्यूल से जुड़ा हो सकता है।
इसी वजह से पुलिस ने उसे पुलवामा से पकड़कर दिल्ली की टीम के हवाले किया है।
इस मामले में यह छठी गिरफ्तारी है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश से पांचवें डॉक्टर को हिरासत में लिया गया था।
दिल्ली में लाल किला के पास हुआ था धमाका
गौरतलब है कि सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रैफिक सिग्नल पर कार में जोरदार विस्फोट हुआ था।
धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह तक मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि कई लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
जांच में जुटी कई एजेंसियां
इस केस की जांच दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, एनआईए और आईबी मिलकर कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में भी कई जगहों पर छापेमारी की है।
जांचकर्ताओं का मानना है कि यह ब्लास्ट किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल की साजिश का हिस्सा हो सकता है।
