तरणतारन विधानसभा उपचुनाव की वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हुई। गिनती इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ नर्सिंग स्थित काउंटिंग सेंटर में ईवीएम मशीनों के जरिए की जा रही है। कुल 16 राउंड में होने वाली गिनती में से 15 राउंड पूरे हो चुके हैं, और अब तस्वीर काफ़ी हद तक साफ नजर आ रही है।
शुरुआती बढ़त अकाली दल के पास, फिर AAP ने बदला मुकाबला
गिनती के पहले तीन राउंड में अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा ने बढ़त बना ली थी। ऐसा लग रहा था कि शुरुआती रुझानों में अकाली दल आगे निकल सकता है।
लेकिन चौथे राउंड से हालात बदलने शुरू हुए। आप उम्मीदवार हरमीत संधू निरंतर वोट हासिल करते गए और धीरे-धीरे उन्होंने बढ़त अपने नाम कर ली।
15 राउंड बाद AAP 11,317 वोटों से आगे
15वें राउंड तक पहुंचते-पहुंचते हरमीत संधू की बढ़त लगातार बढ़ती गई। अब तक के आंकड़ों में AAP उम्मीदवार 11,317 वोटों से आगे चल रहे हैं।
पिछले 12 राउंड में AAP की बढ़त लगातार बढ़ती रही, इसी बीच जानकारी मिली कि अपनी हार तय मानते हुए अकाली दल उम्मीदवार सुखविंदर रंधावा गिनती केंद्र छोड़कर घर लौट गईं।
तीसरे नंबर पर ‘अकाली दल–वारिस पंजाब’, कांग्रेस-भाजपा पिछड़े
इस उपचुनाव में तीसरे स्थान पर खड़े हैं अकाली दल-वारिस पंजाब के उम्मीदवार मंदीप सिंह खालसा। यह पार्टी खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह से जुड़ी मानी जाती है।
मंदीप खालसा ने कहा कि “अकाली दल के सभी गुटों को एकजुट होना चाहिए, तभी 2027 के चुनाव में वे मजबूत होकर उभर सकते हैं।”
कांग्रेस के उम्मीदवार करणबीर सिंह बुरज चौथे स्थान पर हैं, जबकि बीजेपी प्रत्याशी हरजीत संधू पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
अब सिर्फ अंतिम राउंड का इंतजार
16वां और अंतिम राउंड बचा है, लेकिन मौजूदा रुझानों के मुताबिक तरणतारन उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
