बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा जारी है और फिलहाल रुझानों से ही तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। शुरुआती दौर के इन संकेतों ने यह दिखा दिया है कि राज्य की राजनीति में नीतीश कुमार अभी भी एक बड़ा नाम बने हुए हैं। रुझानों के मुताबिक JDU करीब 81 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे एनडीए खेमे में उत्साह है।
JDU ने डाली पोस्ट, फिर हटाई — चर्चा तेज
गिनती जारी रहते ही JDU के आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर नीतीश कुमार की एक तस्वीर शेयर की गई। इसके साथ लिखा गया—
“न भूतो न भविष्यति… नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री थे, हैं और रहेंगे।”
इस पोस्ट ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया। हालांकि थोड़ी देर बाद पार्टी ने यह पोस्ट डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो चुका था। इससे पहले भी पार्टी मुख्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में लिखा गया था— “टाइगर अभी जिंदा है।”
चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष की ओर से यह सवाल उठाए जा रहे थे कि नीतीश की तबीयत ठीक नहीं है और उनका स्वास्थ्य चुनावी मैदान में बड़ा मुद्दा बन गया था। लेकिन मतदान खत्म होते ही नीतीश पूरी तरह एक्टिव मोड में दिखे। इससे एनडीए समर्थकों में यह संदेश गया कि नीतीश एक बार फिर नेतृत्व संभालने को तैयार हैं।
रुझानों में बीजेपी सबसे आगे, JDU दूसरे नंबर पर
अब तक आए रुझानों के अनुसार, बिहार चुनाव में बीजेपी 90 सीटों पर बढ़त के साथ सबसे आगे है और एनडीए की “बड़ी पार्टी” बनने की ओर बढ़ रही है।
वहीं JDU लगभग 80 सीटों के आसपास जीत सकती है, जिससे गठबंधन की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है।
एनडीए के अन्य सहयोगियों की बात करें तो चिराग पासवान की एलजेपी 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसके अतिरिक्त अन्य साथी दल करीब 7 सीटें हासिल करते दिखाई दे रहे हैं।
फाइनल नतीजों का इंतजार, लेकिन माहौल साफ
अभी सभी की निगाहें अंतिम नतीजों पर हैं, लेकिन रुझानों ने यह साफ कर दिया है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन सकती है, और नीतीश कुमार की कुर्सी सुरक्षित दिखाई दे रही है।
