आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ने उपचुनाव में बड़ी जीत के बाद एक अहम निर्णय लेते हुए विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल को पार्टी का नया मुख्य प्रवक्ता (Chief Spokesperson) नियुक्त किया है। इस नियुक्ति की पुष्टि पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन में की गई है।
योगदान और अनुभव के आधार पर मिली जिम्मेदारी
नोटिफिकेशन में बताया गया है कि यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कुलदीप सिंह धालीवाल को उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा, लंबे राजनीतिक अनुभव और पंजाब में संगठनात्मक मजबूती में दिए गए योगदान को देखते हुए सौंपी गई है। पार्टी ने उन्हें नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे आगे भी पार्टी की नीतियों, विचारों और संदेशों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुँचाते रहेंगे।
सिसोदिया और अरोड़ा के हस्ताक्षर वाला पत्र जारी
यह नियुक्ति पार्टी के राज्य प्रभारी मनीष सिसोदिया और पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा के हस्ताक्षर वाले आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई है। पार्टी का मानना है कि धालीवाल की नियुक्ति से संगठन और अधिक मजबूत होगा और राज्य स्तर पर पार्टी का संदेश एक सुसंगत और स्पष्ट रूप में लोगों तक पहुँच सकेगा।
पहले रह चुके हैं महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री
गौरतलब है कि कुलदीप सिंह धालीवाल इससे पहले पंजाब सरकार में पेंडू विकास एवं पंचायत, पशुपालन, और एनआरआई मामलों जैसे अहम विभागों के मंत्री रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई अहम फैसले लिए और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को तेज़ी से आगे बढ़ाया।
पार्टी की रणनीति को मिलेगा नया दिशा-निर्देश
AAP पंजाब का मानना है कि मुख्य प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पद पर एक अनुभवी नेता की तैनाती से संगठन के मीडिया मैनेजमेंट और जनसंपर्क को नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही राज्य भर में पार्टी के संदेश को और मजबूत व प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जा सकेगा।
